स्वर्ण व्यवशायी से आभूषण लूटकांड से नाराज दुकानदारों ने जाम की सड़क

थाना क्षेत्र के जामापुर बाजार में स्वर्ण व्यवसायी से आभूषण लूट मामले से नाराज दुकानदारों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया.

जीरादेई. थाना क्षेत्र के जामापुर बाजार में स्वर्ण व्यवसायी से आभूषण लूट मामले से नाराज दुकानदारों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया. गुरुवार की दोपहर करीब दो घंटे तक आवागमन बाधित रहा. दुकानदार इस कांड में संलिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी, मामले का उद्भेदन, आभूषण बरामद, दुकानदारों की सुरक्षा, पुलिस पिकेट बनाने की मांग कर रहे थे. सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे जीरादेई थानाध्यक्ष राहुल तिवारी को भी दुकानदारों के आक्रोश का सामना करना पड़ा. उनके समक्ष दुकानदारों ने कड़ा रोष व्यक्त किया. कहा कि जब तक अपराधियों की गिरफ्तारी और मामले का उद्भेदन नहीं हो जाता, तब तक सड़क से जाम नहीं हटाया जायेगा. थानाध्यक्ष राहुल तिवारी के आश्वासन के बाद कि दो दिनों के भीतर इस मामले का पर्दाफाश कर दिया जायेगा, तब जाकर दुकानदार और ग्रामीण शांत हुए और सड़क जाम को हटाया. थानाध्यक्ष राहुल तिवारी ने बताया कि पुलिस की कई टीम इस मामले को लेकर सघन छापेमारी कर रही है. हमारी कई टीम अपराधियों तक पहुंचने में कामयाब हो गयी है. मामले का उद्भेदन जल्द ही कर दिया जायेगा. पुलिस के लापरवाही बरतने पर आक्रोशित थे दुकानदार : जमापुर में आभूषण दुकान से हुई लूट के बाद से ही अधिकतर दुकानदार पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट थे. उनका कहना था कि पुलिस गश्त नही होने के चलते अपराधियों का मनोबल बढ़ा है. उनका आरोप था कि इतनी बड़ी वारदात के पीछे पुलिस के लापरवाही दिख रही है. क्योंकि घटना के समय पुलिस की गश्त पार्टी कुछ ही दूर पर खड़ी थी. बावजूद अपराधियों ने इतनी बड़ी घटना का अंजाम दे दिया. हालांकि पुलिस के वरीय अधिकारियों के समझाने पर जाकर दुकानदार शांत हुए. एसडीपीओ गौरी कुमारी ने बताया कि घटना में संलिप्त एक आरोपित से पूछताछ किया जा रहा है. हमारी टीम आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AMLESH PRASAD

AMLESH PRASAD is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >