सीवान: जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सराय थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने 665 लीटर विदेशी शराब बरामद करते हुए शराब से लदी एक स्कॉर्पियो वाहन को जब्त किया है. इस कार्रवाई में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है. मामले में उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
स्कॉर्पियो से बरामद हुई 665 लीटर विदेशी शराब
थानाध्यक्ष विकास कुमार बिट्टू ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर सराय थाना पुलिस ने छापेमारी अभियान चलाया. कार्रवाई के दौरान एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन की तलाशी ली गई, जिसमें छिपाकर रखी गई 665 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई. पुलिस ने मौके पर ही वाहन को जब्त कर लिया.
दो शराब तस्कर गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से दो आरोपितों को गिरफ्तार किया. उनकी पहचान मैरवा थाना क्षेत्र के तितिरा मिश्रौली निवासी पवन कुमार यादव तथा नौतन थाना क्षेत्र के भगवानपुर निवासी सलमान अली के रूप में हुई है.
शराब तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
गिरफ्तार दोनों आरोपितों से पूछताछ की जा रही है ताकि शराब तस्करी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी मिल सके. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था.
अभियान रहेगा जारी
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा. शराब तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें: सम्राट चौधरी ने प्रशांत किशोर को दी जीत की बधाई, 1995 के बाद पहली बार बांकीपुर में हारी बीजेपी
