सीवान: 'ऑपरेशन अमानत' के तहत RPF ने लौटाया ₹5 लाख का सामान, प्लेटफॉर्म पर छूटे बैग में थे सोने के गहने, लैपटॉप व नकदी

सीवान जंक्शन पर यात्री का 5 लाख रुपये का बैग छूट गया था. आरपीएफ ने ऑपरेशन अमानत के तहत बैग ढूंढकर उसे सही सलामत यात्री के परिजनों को सौंप दिया.

Siwan News: रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने यात्रियों की सुरक्षा और उनके खोए सामान को वापस दिलाने के लिए चलाए जा रहे 'ऑपरेशन अमानत' के तहत ईमानदारी और तत्परता की मिसाल पेश की है. सीवान जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या 3 पर छूटे करीब 5 लाख रुपये मूल्य के कीमती सामान से भरे पिठ्ठू बैग को आरपीएफ ने खोजकर सुरक्षित रूप से यात्री के परिजन को सौंप दिया. बैग में लैपटॉप, सोने के जेवरात, नकदी और कई महत्वपूर्ण व्यक्तिगत दस्तावेज रखे हुए थे.

वाराणसी कंट्रोल रूम से मिली थी सूचना, प्लेटफॉर्म पर खोजा गया बैग

घटना शुक्रवार की है, जब आरपीएफ पोस्ट सीवान को मंडल सुरक्षा नियंत्रण कक्ष (वाराणसी) से सूचना प्राप्त हुई कि गाड़ी संख्या 12565 (बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस) के एक यात्री का बैग सीवान जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर छूट गया है.

सूचना मिलते ही प्लेटफॉर्म ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ कांस्टेबल सुबाष यादव ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खोजबीन शुरू की और कुछ ही देर में लावारिस हालत में पड़े बैग को सुरक्षित बरामद कर लिया.

स्टेशन मास्टर के समक्ष खुली इन्वेंटरी, मिले गहने और दस्तावेज

ऑन-ड्यूटी स्टेशन मास्टर की मौजूदगी में नियमानुसार बैग को खोलकर सामान की सूची (इन्वेंटरी) तैयार की गई. जांच के दौरान बैग से निम्नलिखित कीमती सामान बरामद हुआ:

  • एचपी (HP) कंपनी का एक लैपटॉप, लैपटॉप चार्जर और मोबाइल चार्जर
  • सोने की अंगूठी एवं सोने के कान के झुमके
  • नकदी (₹100 की एक गड्डी, ₹10 की दो गड्डियां और मिनी पर्स में ₹500 नकद)
  • पहचान पत्र व जरूरी कागजात (पैन कार्ड, एसबीआई डेबिट कार्ड, वोटर कार्ड व अन्य दस्तावेज)

बरामद सभी सामान को सुरक्षा के साथ आरपीएफ पोस्ट सीवान लाया गया.

नई दिल्ली जा रहे थे यात्री, सत्यापन के बाद परिजन को सौंपा गया सामान

कुछ समय बाद सीवान जिले के जामो बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत खोरी पाकर निवासी शशि भारद्वाज की पत्नी अमृता कुमारी आरपीएफ पोस्ट पहुंचीं. उन्होंने बताया कि उनकी ननद कृतिका भारद्वाज और देवर दिवेश भारद्वाज ट्रेन संख्या 12565 के कोच एस-5 में बर्थ संख्या 1 और 2 पर सीवान से नई दिल्ली की यात्रा कर रहे थे. ट्रेन में सवार होने की आपाधापी में उनका बैग प्लेटफॉर्म पर ही छूट गया था.

आरपीएफ अधिकारियों ने यात्री दिवेश भारद्वाज से फोन पर बात कर आवश्यक विवरण का मिलान और सत्यापन किया. पहचान की पुष्टि होने के बाद आरपीएफ ने सारा सामान सुरक्षित अमृता कुमारी के सुपुर्द कर दिया, जिसके बाद परिजनों ने आरपीएफ की तत्परता और ईमानदारी के प्रति आभार जताया.

Also Read: सीवान: पचरुखी में कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक, अंतिम पायदान तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अमरनाथ शर्मा

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >