रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर: 3 ट्रेनें कैंसिल, एक शॉर्ट टर्मिनेट, एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव भी बदला

Railway News: पूर्वोत्तर रेलवे ने गोंडा-बुढ़वल रेलखंड पर तीसरी रेल लाइन के निर्माण कार्य के चलते कई ट्रेनों के परिचालन में बड़ा बदलाव किया है. तीन डेमू ट्रेनें पूरी तरह निरस्त रहेंगी, एक सवारी गाड़ी गोरखपुर में समाप्त होगी, और कुछ एक्सप्रेस ट्रेनों का अस्थायी ठहराव भी रद्द कर दिया गया है.

Railway News: पूर्वोत्तर रेलवे (NER) ने गोंडा-बुढ़वल रेलखंड पर बुनियादी ढांचे में सुधार के लिए गोंडा और गोंडा कचहरी स्टेशनों के बीच तीसरी रेल लाइन के निर्माण कार्य को लेकर कई ट्रेनों के परिचालन में बड़ा बदलाव किया है. रेलवे ने संरक्षा और तकनीकी कारणों से कुछ ट्रेनों को निरस्त, एक ट्रेन को शॉर्ट टर्मिनेट तथा तीन एक्सप्रेस ट्रेनों का करनैलगंज स्टेशन पर दिया गया अस्थायी ठहराव भी निरस्त कर दिया है.

तीन डेमू ट्रेनें रहेंगी निरस्त

पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी (CPRO) सुमित कुमार ने बताया कि 13 जुलाई 2026 को अपने प्रारंभिक स्टेशन से चलने वाली गाड़ी संख्या 75106 गोरखपुर–थावे डेमू विशेष ट्रेन पूरी तरह निरस्त रहेगी. इसके साथ ही अगले दिन यानी 14 जुलाई 2026 को चलने वाली गाड़ी संख्या 75104 थावे–छपरा डेमू तथा गाड़ी संख्या 75101 छपरा–औंड़िहार डेमू भी प्रशासनिक कारणों से रद्द रहेंगी.

गोरखपुर में समाप्त होगी यात्रा

सीपीआरओ ने आगे बताया कि इसके अलावा 10 जुलाई 2026 तक अपने प्रारंभिक स्टेशन से चलने वाली गाड़ी संख्या 55055 छपरा–नकहा जंगल सवारी गाड़ी को तकनीकी ब्लॉक के कारण शॉर्ट टर्मिनेट किया गया है. यह सवारी गाड़ी अब अपने निर्धारित गंतव्य नकहा जंगल स्टेशन के बजाय गोरखपुर स्टेशन पर ही रोक दी जाएगी और वहीं अपनी यात्रा समाप्त करेगी.

अस्थायी ठहराव लिया गया वापस

रेलवे प्रशासन ने यह भी बताया कि कुछ अपरिहार्य तकनीकी कारणों से करनैलगंज स्टेशन पर कुछ प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों को पूर्व में दिया गया अस्थायी व्यावसायिक ठहराव वापस ले लिया गया है. इस नए फैसले के तहत 09 एवं 10 जुलाई 2026 को अपने मार्ग से चलने वाली गाड़ी संख्या 19038 बरौनी–बांद्रा टर्मिनस अवध एक्सप्रेस का अब करनैलगंज स्टेशन पर स्टॉपेज नहीं रहेगा.

इन ट्रेनों का भी ठहराव रद्द

इसके साथ ही 09 जुलाई 2026 को चलने वाली गाड़ी संख्या 11124 बरौनी–ग्वालियर एक्सप्रेस तथा गाड़ी संख्या 15203 बरौनी–लखनऊ जंक्शन एक्सप्रेस भी अब करनैलगंज स्टेशन पर बिना रुके सीधे अपने गंतव्य की ओर निकल जाएंगी. इन ट्रेनों के ठहराव रद्द होने से स्थानीय दैनिक रेल यात्रियों को टिकट रिफंड और यात्रा के विकल्पों को लेकर थोड़ी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.

स्थिति की जानकारी लेकर निकलें

पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने इस बड़े परिचालन ब्लॉक को देखते हुए आम रेल यात्रियों से विशेष अपील की है कि वे घर से यात्रा पर निकलने से पहले रेलवे की आधिकारिक पूछताछ सेवा, नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (NTES) या हेल्पलाइन नंबर 139 के माध्यम से अपनी संबंधित ट्रेन की अद्यतन स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि रेलवे स्टेशन पहुंचने पर किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके.

Also Read: गोपालगंज में चोरी के मोबाइल के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार, कुचायकोट पुलिस की कार्रवाई


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Amarnath sharma

Published by: Vikash Jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >