Rail News: रेल यात्रियो की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने बरौनी-नई दिल्ली-बरौनी एवं दरभंगा-नई दिल्ली-दरभंगा विशेष ट्रेनों के परिचालन की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है. पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि दोनों जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का संचालन 16-16 अतिरिक्त फेरों के लिए किया जायेगा. इससे मॉनसून के इस मौसम में दिल्ली की तरफ जाने वाले उत्तर बिहार के कामगारों, छात्रों और आम यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने में काफी सहूलियत होगी.
बरौनी स्पेशल ट्रेन का नया शेड्यूल
रेलवे द्वारा जारी आधिकारिक समय सारणी के अनुसार, गाड़ी संख्या 02563 बरौनी-नई दिल्ली स्पेशल ट्रेन का संचालन, जो पहले 15 जुलाई 2026 तक ही निर्धारित था, अब यात्रियों की मांग पर आगामी 31 जुलाई 2026 तक नियमित जारी रहेगा. इसी तरह विपरीत दिशा में गाड़ी संख्या 02564 नई दिल्ली-बरौनी स्पेशल ट्रेन का परिचालन, जो पहले 16 जुलाई तक निर्धारित किया गया था, उसे अब बढ़ाकर 1 अगस्त 2026 तक कुल 16 अतिरिक्त फेरों के लिए संचालित करने का आदेश जारी किया गया है.
दरभंगा स्पेशल के फेरे भी बढ़े
ठीक इसी प्रकार मिथिलांचल के यात्रियों को जोडने वाली गाड़ी संख्या 02569 दरभंगा-नई दिल्ली स्पेशल ट्रेन का संचालन भी अब आगामी 31 जुलाई 2026 तक के लिए बढ़ा दिया गया है. इसके साथ ही वापसी दिशा में गाड़ी संख्या 02570 नई दिल्ली-दरभंगा स्पेशल ट्रेन का परिचालन भी 1 अगस्त 2026 तक 16 अतिरिक्त फेरों के लिए विस्तारित कर दिया गया है. इन दोनों ट्रेनों के फेरे बढ़ने से समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, छपरा और सीवान रूट के रेल यात्रियों को भी सीधा फायदा पहुंचेगा.
ट्रेनों में लगेंगे कुल 18 कोच
रेलवे प्रशासन के अनुसार, इन दोनों महत्वपूर्ण विशेष ट्रेनों में आधुनिक एलएचबी (LHB) सुविधाओं से लैस कुल 18 कोच लगाये जायेंगे. इस रैक संयोजन के तहत ट्रेन में एक जनरेटर सह लगेज वैन, एक एलएसएलआरडी (LSLRD), चार साधारण शयनयान (स्लीपर) क्लास, पांच वातानुकूलित तृतीय इकोनॉमी (3AC Economy) तथा सात वातानुकूलित तृतीय श्रेणी (3AC) के आरामदायक कोच शामिल होंगे. कोचों की यह संख्या यात्रियों की क्षमता को काफी हद तक संभालने में कारगर सिद्ध होगी.
समय और ठहराव में कोई बदलाव नहीं
रेल प्रशासन ने पूरी तरह स्पष्ट किया है कि परिचालन अवधि में विस्तार के बावजूद इन सभी स्पेशल ट्रेनों के पूर्व निर्धारित समय, रूट-मार्ग और व्यावसायिक ठहराव (स्टॉपेज) में किसी भी प्रकार का कोई तकनीकी फेरबदल नहीं किया गया है. ट्रेनें अपने पुराने समय और ठहराव के अनुसार ही पटरी पर दौड़ेंगी. सीपीआरओ ने बताया कि ग्रीष्मकालीन और मानसूनी छुट्टियों के बाद दिल्ली लौटने वाले यात्रियों की लगातार बढ़ती अत्यधिक संख्या को देखते हुए ही यह जनहितैषी निर्णय लिया गया है, ताकि यात्रा के दौरान अतिरिक्त सीटों की उपलब्धता बनी रहे.
Also Read: सीवान में पूर्व विवाद में चाकूबाजी, इलाज के दौरान युवक की मौत; 9 के खिलाफ FIR दर्ज, 4 गिरफ्तार
