Police Station Siege: शराबबंदी के बावजूद रघुनाथपुर थाना क्षेत्र में कथित रूप से शराब की बिक्री जारी रहने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को भाकपा माले की महिला संगठन ऐपवा ने रघुनाथपुर थाना का घेराव कर प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्र में शराब की बिक्री पर पूर्ण रोक लगाने के साथ 30 जुलाई को वैश्य की बारी गांव में शराब बिक्री का विरोध करने वाले सतेंद्र बीन की हत्या के मामले में शराब माफिया की भूमिका की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की. करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण थाना परिसर के बाहर गहमागहमी बनी रही.
जुलूस निकालकर थाने पहुंचीं कार्यकर्ता
ऐपवा की प्रखंड अध्यक्ष रमावती देवी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रखंड मुख्यालय के समीप से जुलूस निकाला. जुलूस विभिन्न मार्गों से होते हुए रघुनाथपुर थाना पहुंचा. यहां कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए थाना परिसर के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया.
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि शराबबंदी कानून लागू होने के बावजूद क्षेत्र में शराब की बिक्री पर पूरी तरह अंकुश नहीं लग पाया है. उन्होंने पुलिस और मद्य निषेध विभाग से संयुक्त अभियान चलाकर शराब के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की.
सतेंद्र बीन हत्याकांड की जांच की मांग
प्रदर्शन के दौरान वैश्य की बारी हत्याकांड का मामला भी प्रमुखता से उठाया गया. ऐपवा ने आरोप लगाया कि 30 जुलाई को वैश्य की बारी गांव में शराब की बिक्री का विरोध करने वाले सतेंद्र बीन की हत्या कर दी गयी थी.
संगठन ने मांग की कि हत्याकांड के अनुसंधान के दौरान शराब माफिया की भूमिका की भी जांच की जाये. जांच में जिन लोगों की संलिप्तता सामने आये, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाये.
थाना घेराव के बाद सभा में बदला प्रदर्शन
करीब तीन घंटे तक चले थाना घेराव के दौरान प्रदर्शन सभा में बदल गया. सभा को संबोधित करते हुए भाकपा माले के प्रखंड सचिव सतेंद्र राम ने कहा कि शराबबंदी के बावजूद क्षेत्र में शराब की बिक्री पर प्रभावी रोक नहीं लग सकी है. उन्होंने पुलिस एवं मद्य निषेध विभाग से संयुक्त अभियान चलाकर शराब बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की.
एसडीपीओ के आश्वासन पर समाप्त हुआ प्रदर्शन
करीब तीन घंटे बाद मैरवा सदर-2 के एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता की पहल पर प्रदर्शन समाप्त हुआ. एसडीपीओ ने शराबबंदी को प्रभावी ढंग से लागू कराने के लिए स्थानीय पुलिस एवं मद्य निषेध विभाग की टीम से कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया.
उन्होंने वैश्य की बारी हत्याकांड के अनुसंधान में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई का भी भरोसा दिलाया. इसके बाद ऐपवा के शिष्टमंडल ने एसडीपीओ को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा.
मौके पर मालती देवी, पार्वती देवी, इंद्रावती देवी, भाकपा माले के पूर्व विधायक अमरनाथ यादव, जयनाथ यादव, जिला पार्षद मनोज बैठा, ददन पासवान, नथुन पटेल समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे.
इसे भी पढ़ें: बिहार पुलिस को मिलेगा नया मुखिया, जानिए कौन-कौन से आईपीएस अधिकारी हैं मुख्य दावेदार
