Pinki Kumari Captain: मैरवा की रानी लक्ष्मी बाई स्पोर्ट्स एकेडमी की आवासीय प्रशिक्षु खिलाड़ी पिंकी कुमारी को राष्ट्रीय जूनियर बालिका फुटबाल चैंपियनशिप के लिए गठित बिहार की 20 सदस्यीय टीम का कप्तान बनाया गया है. पिंकी को कप्तानी की जिम्मेदारी मिलने से मैरवा सहित पूरे जिले के खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है.
ऑल इंडिया फुटबाल फेडरेशन के तत्वावधान में आंध्र प्रदेश के अनंतपुर में 10 से 25 सितंबर तक राष्ट्रीय जूनियर बालिका फुटबाल चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है. प्रतियोगिता में बिहार की टीम बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपनी दावेदारी मजबूत कर रही है.
दिल्ली के खिलाफ बिहार ने दर्ज की 3-1 से जीत
रानी लक्ष्मी बाई स्पोर्ट्स एकेडमी के संस्थापक सह निदेशक संजय पाठक ने बताया कि बिहार की टीम ने 10 सितंबर को प्रतियोगिता में अपने पहले मुकाबले में झारखंड के खिलाफ मैच खेला. इसके बाद 13 सितंबर को खेले गए दूसरे मुकाबले में बिहार ने दिल्ली की टीम को 3-1 से पराजित किया.
बिहार टीम की इस जीत में खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन के साथ कप्तान पिंकी कुमारी की भूमिका भी अहम रही. टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी मिलने से पिंकी के साथ-साथ एकेडमी और मैरवा का नाम भी राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ है.
खेल प्रेमियों ने पिंकी को दी बधाई
पिंकी कुमारी को बिहार जूनियर फुटबाल टीम का कप्तान बनाए जाने पर मैरवा के खेल प्रेमियों में उत्साह है. उनकी उपलब्धि पर आईएमए सीवान के सदस्यों के साथ रानी लक्ष्मी बाई स्पोर्ट्स एकेडमी के मुख्य संरक्षक डॉ. आरएन ओझा, निदेशक राजीव लोचन मिश्रा, डॉ. शरद चौधरी, डॉ. रीता सिन्हा, डॉ. अलख निरंजन पांडेय, प्राचार्य राजकुमार सिंह, दिनेश कुमार सहित अन्य लोगों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं.
पिंकी की उपलब्धि से क्षेत्र की प्रतिभाओं में बढ़ा उत्साह
पिंकी की कप्तानी में बिहार टीम की जीत से मैरवा की खेल प्रतिभाओं को लेकर क्षेत्र में एक बार फिर उत्साह का माहौल है. स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि पिंकी अपने नेतृत्व में बिहार टीम को प्रतियोगिता में आगे तक ले जाने में सफल होंगी.
