सीवान में पंचायत चुनाव की तैयारी तेज, 12 पंचायतों में शुरू हुआ परिसीमन; 2011 की जनगणना बनेगी आधार

हसनपुरा प्रखंड की 12 पंचायतों में आगामी पंचायत चुनाव के लिए परिसीमन प्रक्रिया तेज हो गई है। प्रशासन 2011 की जनगणना के आधार पर सीमाओं का सत्यापन कर रहा है।

Siwan News : हसनपुरा प्रखंड की 12 पंचायतों में आगामी पंचायत चुनाव को लेकर परिसीमन का कार्य तेज हो गया है. नोडल पदाधिकारी सह बीडीओ आनंद प्रकाश सिंह के नेतृत्व में विभिन्न विभागों के कर्मियों द्वारा पंचायतों में परिसीमन की प्रक्रिया पूरी की जा रही है. इसके लिए कार्यपालक सहायक, पंचायत सचिव, रोजगार सेवक और आवास सहायक समेत अन्य कर्मियों को लगाया गया है.

2011 की जनगणना के आधार पर तय होगी चौहद्दी

परिसीमन के दौरान वर्ष 2011 की जनगणना को आधार बनाया जा रहा है. गणना ब्लॉक की जियो टैगिंग के साथ चौहद्दीवार सत्यापन किया जा रहा है. पंचायतवार पर्यवेक्षकों की निगरानी में कर्मी संबंधित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक आंकड़ों और सीमाओं का सत्यापन कर रहे हैं.

स्थलीय जांच के बाद तैयार होगा परिसीमन का खाका

कर्मियों द्वारा पंचायतों में पहुंचकर भौतिक स्थिति और उपलब्ध आंकड़ों का मिलान किया जा रहा है. प्रशासन का उद्देश्य निर्धारित समय सीमा के भीतर परिसीमन की प्रक्रिया को त्रुटिरहित तरीके से पूरा करना है, ताकि आगामी पंचायत चुनाव से जुड़ी तैयारियों में किसी तरह की परेशानी न हो.

अलग-अलग अधिकारियों को सौंपी गयी जिम्मेदारी

सहुली पंचायत में आवास पर्यवेक्षक अली सरवर और तेलकथू में कृषि समन्वयक बृज बैरिस्टर सिंह के नेतृत्व में परिसीमन का कार्य चल रहा है. वहीं प्रखंड कृषि पदाधिकारी आदित्य प्रकाश पांडे के नेतृत्व में फलपुरा, लहेजी और पियाउर पंचायत का परिसीमन किया जा रहा है.

कई पंचायतों में अलग-अलग टीम कर रही काम

प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी मोहम्मद मेराज के नेतृत्व में मंद्रापाली और हरपुर कोटवा पंचायत में कार्य चल रहा है. प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अरुण कुमार के नेतृत्व में गाय घाट और उसरी खुर्द पंचायत में परिसीमन किया जा रहा है. वहीं प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी मोहम्मद शबाब के नेतृत्व में पकड़ी पंचायत में परिसीमन का कार्य जारी है.

समय सीमा में काम पूरा करने का लक्ष्य

बीडीओ आनंद प्रकाश सिंह ने बताया कि सभी पंचायतों में पर्यवेक्षकों के नेतृत्व में परिसीमन का कार्य कराया जा रहा है. वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर पंचायतों की चौहद्दी निर्धारित करने की प्रक्रिया चल रही है. निर्धारित समय सीमा के भीतर परिसीमन का कार्य पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By उमाशंकर राम

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >