Siwan News :पचरुखी थाना में फरियाद लेकर पहुंची एक महिला ने पुलिस पर प्राथमिकी दर्ज नहीं करने और डांट-फटकार कर भगा देने का आरोप लगाया है. पीड़िता का कहना है कि ट्रक चोरी के मामले में आवेदन देने के बावजूद दो महीने बीत जाने के बाद भी न तो एफआईआर दर्ज की गई और न ही मामले की जांच शुरू हुई.
29 मई को दिया था आवेदन, कार्रवाई नहीं होने का आरोप
थाना क्षेत्र के बरियारपुर निवासी विजय सिंह की पत्नी सीमा देवी ने आरोप लगाया कि उन्होंने 29 मई को ट्रक चोरी के मामले में पचरुखी थाना में लिखित आवेदन दिया था. लेकिन पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने के बजाय उन्हें डांट-फटकार कर वापस भेज दिया. इसके बाद भी वह कई बार थाना पहुंचीं और एफआईआर दर्ज करने की गुहार लगाई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई.
एसपी को भी दिया आवेदन, फिर भी नहीं मिली राहत
सीमा देवी ने बताया कि स्थानीय थाना से निराश होने के बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक को भी आवेदन देकर न्याय की मांग की. इसके बावजूद अब तक मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई है. उनका आरोप है कि जब भी वह थाना जाती हैं, उन्हें डांटकर वापस भेज दिया जाता है.
किराये पर ले गया ट्रक, फिर भुगतान से किया इनकार
पीड़िता के अनुसार, 6 मई को झारखंड के हजारीबाग जिले के गोविंदपुर (तेली टोला) निवासी बबलू सिंह उनके घर आया और ट्रक किराये पर ले जाने की बात कही. दोनों के बीच हुए समझौते के अनुसार डीजल, टोल टैक्स और चालक का खर्च वहन करने के साथ-साथ प्रतिदिन 10,666 रुपये ट्रक किराये के रूप में उनके खाते में भेजने का वादा किया गया था. इसके बाद वह ट्रक लेकर चला गया.
ट्रक बेचने और झूठे मुकदमे में फंसाने की दी धमकी
सीमा देवी का आरोप है कि ट्रक ले जाने के बाद बबलू सिंह भुगतान करने में आनाकानी करने लगा. जब उन्होंने पैसे की मांग की तो आरोपी ने कथित रूप से ट्रक बेच देने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी. पीड़िता के अनुसार, 23 मई को आरोपी ने फोन पर कहा कि उसने ट्रक बेच दिया है और यदि ट्रक वापस चाहिए तो उसे पैसे देने होंगे. इसके बाद अलग-अलग नंबरों से फोन कर गाली-गलौज और धमकियां भी दी गईं.
दो महीने बाद भी एफआईआर नहीं, कार्रवाई की मांग
पीड़िता का आरोप है कि घटना को दो महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पचरुखी थाना पुलिस ने न तो प्राथमिकी दर्ज की है और न ही मामले की जांच शुरू की है. उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.
Also Read : हाजीपुर में युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग, घर के बाहर मोबाइल देख रहे युवक को मारी दो गोलियां
