Siwan News : लगातार हो रही बारिश के कारण प्रखंड के अरंडा स्थित अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र परिसर में जलजमाव की समस्या बनी हुई है. जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से पूरे परिसर में बारिश का पानी भर गया है. पिछले एक सप्ताह से ओपीडी सेवा पूरी तरह बाधित है, जिससे मरीजों को इलाज के लिए दूसरे स्वास्थ्य केंद्रों का सहारा लेना पड़ रहा है.
जलजमाव से प्रभावित हुई स्वास्थ्य सेवाएं
अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र परिसर में पानी भर जाने के कारण चिकित्सकीय सेवाएं प्रभावित हो गई हैं. सामान्य दिनों में यहां प्रतिदिन 20 से 30 मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं, लेकिन जलजमाव के चलते मरीजों को बिना इलाज कराए वापस लौटना पड़ रहा है. कई मरीज ऐसे भी हैं, जिनके लिए निजी क्लीनिक में इलाज कराना संभव नहीं है.
मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों को हो रही परेशानी
प्रतिदिन चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी और मरीज स्वास्थ्य केंद्र पहुंचते हैं, लेकिन परिसर में जलजमाव की स्थिति देखकर वापस लौटने को मजबूर हो जाते हैं. इससे न केवल मरीजों की परेशानी बढ़ी है, बल्कि नियमित स्वास्थ्य सेवाएं भी पूरी तरह प्रभावित हो गई हैं.
सीएचसी हसनपुरा में दी जा रही सेवाएं
स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत चिकित्सक डॉ. एहसानुल्लाह ने बताया कि फिलहाल मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हसनपुरा में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. उन्होंने कहा कि जब तक जलजमाव की समस्या समाप्त नहीं होती, तब तक अरंडा अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र में ओपीडी सेवा शुरू करना संभव नहीं है. फिलहाल पानी कम होने का इंतजार किया जा रहा है.
जिला स्वास्थ्य विभाग को भेजी गई रिपोर्ट
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. हरिश कुमार ने बताया कि अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र के जर्जर भवन और जलजमाव की समस्या को लेकर विस्तृत रिपोर्ट जिला स्वास्थ्य विभाग को भेज दी गई है. उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही आवश्यक कार्रवाई होने के बाद स्वास्थ्य सेवाएं सामान्य हो सकेंगी.
