सीवान में प्याज की कीमतों में उछाल, 13 अगस्त से लगातार बढ़े दाम; खुदरा बाजार में 55 रुपये किलो तक पहुंचा भाव

सीवान में प्याज की आपूर्ति घटने से दाम 50 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। नासिक और गुजरात में फसल खराब होने से बाजार में प्याज की भारी किल्लत हो गई है।

Siwan News : सब्जी और सलाद का जायका बढ़ाने वाली प्याज अब लोगों की आंखों से आंसू निकाल रही है. जिले में प्याज की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. 12 अगस्त तक जहां प्याज करीब 29 से 32 रुपये किलो बिक रही थी, वहीं अब ग्रामीण क्षेत्रों के छोटे बाजारों में खुदरा भाव 50 से 55 रुपये किलो तक पहुंच गया है. अचानक बढ़े दाम से गृहणियों के साथ गरीब, मजदूर और आम उपभोक्ता भी परेशान हैं.

13 अगस्त से शुरू हुआ दाम बढ़ने का सिलसिला

प्याज कारोबारी राजन गोस्वामी ने बताया कि 13 अगस्त से प्याज के दाम में तेजी शुरू हुई. 12 अगस्त तक प्याज करीब 2900 रुपये प्रति क्विंटल की दर से बिक रही थी. इसके बाद कीमत लगातार बढ़ती गयी. वर्तमान में थोक बाजार में प्याज करीब 45 रुपये किलो तक पहुंच गयी है, जबकि ग्रामीण इलाकों के छोटे बाजारों में खुदरा कीमत 50 से 55 रुपये किलो तक है.

खरीदारी पर पड़ा असर, थाली से गायब हुआ प्याज का सलाद

कीमत बढ़ने का असर लोगों की खरीदारी पर भी साफ दिख रहा है. पहले जो ग्राहक पांच से दस किलो प्याज खरीदते थे, वे अब कम मात्रा में प्याज खरीद रहे हैं. महंगाई के कारण खाने की थाली और सलाद की प्लेट से भी प्याज कम होती जा रही है. उपभोक्ताओं को अब प्याज के दाम कम होने का इंतजार है.

महाराष्ट्र और गुजरात में कम उत्पादन का असर

दुकानदारों के अनुसार सीवान में प्याज की आपूर्ति मुख्य रूप से नासिक और गुजरात सहित दूसरे राज्यों से होती है. इस साल इन इलाकों में उत्पादन कम होने और भारी बारिश के कारण फसल को नुकसान पहुंचने से बाजार में प्याज की आवक प्रभावित हुई है. आपूर्ति घटने के कारण कीमतों में अचानक तेजी आयी है.

थोक कारोबारी रिंकू ने बताया कि पहले सीवान में नासिक, नागपुर, कानपुर सहित कई जगहों से प्याज आती थी. फिलहाल प्याज मुख्य रूप से इंदौर से पहुंच रही है.

10-12 ट्रकों की जगह अब आ रही 4-5 ट्रक

कारोबारियों के अनुसार करीब 15 दिन पहले तक जिले में प्रतिदिन 10 से 12 ट्रक प्याज की आवक होती थी. एक ट्रक में करीब 10 से 15 टन प्याज रहती थी. इस हिसाब से 10 ट्रकों में करीब 100 से 150 टन प्याज जिले में पहुंचती थी. अब इसकी आवक घटकर चार से पांच ट्रक रह गयी है. आवक में कमी से बाजार में कीमत बढ़ी है, वहीं कारोबारी भी घटते कारोबार को लेकर मायूस हैं.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By पंकज कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >