सीवान. जिले में बढ़ते अपराध पर लगाम लगाने के लिए सीवान पुलिस ने गुरुवार की रात विशेष गश्ती अभियान का एलान किया है. पुलिस प्रशासन की ओर से जारी सूची के अनुसार गुरुवार की रात्रि में तीनों अनुमंडलों में वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में सघन चेकिंग और सुपर पेट्रोलिंग की व्यवस्था की गयी है. सदर अनुमंडल में अजय कुमार सिंह, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) को जिले के संपूर्ण सुपर जोनल क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गयी है. वहीं मैरवा अनुमंडल में पुअनि नीरज कुमार यादव, प्रभारी मद्यनिषेध शाखा को विशेष गश्ती अधिकारी बनाया गया है. महाराजगंज अनुमंडल में परिचारी चंदन कुमार, यातायात थाना को रात्री गश्ती की कमान दी गयी है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, अपराध नियंत्रण, शराब तस्करी पर रोक, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर और आम जनता में सुरक्षा का विश्वास कायम रखने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है. सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सघन वाहन जांच, होटल-लॉज निरीक्षण और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी के निर्देश दिये गये हैं. पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रात्रि के दौरान बेवजह घूमने वालों, संदिग्ध व्यक्तियों और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी. जिले में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं के बीच पुलिस की यह सख्ती आम लोगों को राहत देने के साथ-साथ अपराधियों के लिए साफ संदेश है, अब रात में कानून का पहरा और भी कड़ा रहेगा.
तीन अनुमंडलों में गश्ती के लिए अधिकारी तैनात
जिले में बढ़ते अपराध पर लगाम लगाने के लिए सीवान पुलिस ने गुरुवार की रात विशेष गश्ती अभियान का एलान किया है.
