Siwan Mehndar Temple: मेहंदार मंदिर में शुक्रवार और सोमवार को छोड़ अन्य दिनों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं. श्रद्धालुओं का कहना है कि मंदिर में भीड़ के बावजूद कई जगहों पर जिम्मेदार कर्मी नजर नहीं आते हैं. इसका फायदा उठाकर कुछ श्रद्धालु निर्धारित अरघा व्यवस्था को छोड़कर सीधे गर्भगृह में प्रवेश कर जल चढ़ाते दिखाई दे रहे हैं.
गर्भगृह में सीधे प्रवेश से बढ़ रही भीड़
मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं का आरोप है कि सामान्य दिनों में जिम्मेदार कर्मियों की पर्याप्त मौजूदगी नहीं रहती. इससे श्रद्धालुओं के सीधे गर्भगृह में प्रवेश करने के कारण पूजा-अर्चना के दौरान भीड़ बढ़ जाती है और लोगों को असुविधा होती है. खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इससे मंदिर में भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं.
आपदा मित्र करते हैं माइकिंग, लेकिन निगरानी का अभाव
मंदिर परिसर में व्यवस्था बनाए रखने के लिए आपदा मित्र लगातार माइकिंग करते रहते हैं. वे श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्ग और अरघा के माध्यम से जल चढ़ाने की अपील करते हैं. हालांकि, श्रद्धालुओं का कहना है कि प्रभावी निगरानी के अभाव में इसका अपेक्षित असर दिखाई नहीं दे रहा है. स्थानीय लोगों के अनुसार सोमवार और शुक्रवार को प्रशासन की ओर से विशेष व्यवस्था की जाती है, लेकिन अन्य दिनों में भी मंदिर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रहती है. ऐसे में सुरक्षा कर्मियों की नियमित तैनाती और अरघा व्यवस्था का पालन सुनिश्चित करना जरूरी है.
सभी दिनों पर्याप्त पुलिस बल की मांग
श्रद्धालुओं ने प्रशासन से मांग की है कि मंदिर परिसर में सभी दिनों पर्याप्त पुलिस बल और कर्मियों की तैनाती की जाए. इससे गर्भगृह में अनियंत्रित प्रवेश पर रोक लगाने के साथ श्रद्धालुओं को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से पूजा-अर्चना करने की सुविधा मिल सकेगी.
श्रावणी मेले के लिए दंडाधिकारी और पुलिस बल तैनात
ऐतिहासिक बाबा महेंद्रनाथ मंदिर में श्रावणी मेले के शांतिपूर्ण संचालन के लिए जिला प्रशासन की ओर से पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की गई है. श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिकारियों को अलग-अलग शिफ्टों में प्रमुख स्थलों पर जिम्मेदारी सौंपी गई है.
