Siwan News : गोरेयाकोठी प्रखंड के बजितपुर गांव में भारत शुगर मिल सिधवलिया की ओर से शरदकालीन गन्ना बुवाई अभियान के तहत एक दिवसीय किसान गोष्ठी आयोजित की गयी. इसमें बड़ी संख्या में स्थानीय किसानों ने भाग लिया. गोष्ठी में किसानों को उन्नत तकनीक अपनाकर कम लागत में अधिक उत्पादन लेने और खेती में यंत्रीकरण को बढ़ावा देने की जानकारी दी गयी.
खूंटी प्रबंधन और सहफसली खेती की दी जानकारी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मिल के कार्यपालक उपाध्यक्ष विनोद सिंह ने मिल की ओर से चलायी जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी किसानों को दी. उन्होंने खूंटी प्रबंधन, गन्ना बीज के सही उपयोग, सहफसली खेती और कम लागत में अधिक उत्पादन लेने के तरीकों के बारे में बताया.
उन्होंने कहा कि शरदकालीन गन्ना बुवाई से पैदावार में 20 से 25 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हो सकती है. किसानों को समय पर बुवाई और बेहतर कृषि प्रबंधन अपनाने की सलाह दी गयी.
उन्नत बीज और सिंचाई प्रबंधन पर जोर
मिल के गन्ना विकास महाप्रबंधक राधेश्याम मिश्रा ने गन्ने की उन्नत किस्मों के चयन, बीज उपचार, समय पर खाद देने और सिंचाई प्रबंधन पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक तरीके से खेती करने से किसानों की आय बढ़ेगी. साथ ही चीनी मिल को भी गुणवत्तापूर्ण गन्ना मिल सकेगा.
कृषि यंत्रों के इस्तेमाल से बचेगा समय और श्रम
प्रगमैटिक्स कंपनी के डॉ. दुष्यंत बादल ने कृषि में यंत्रीकरण के महत्व की जानकारी दी. उन्होंने डिस्पलाव, ट्रेंच ओपनर, रोटावेटर और मिट्टी चढ़ाने वाली मशीनों के इस्तेमाल के फायदे बताये.
उन्होंने कहा कि कृषि यंत्रों के उपयोग से श्रम और समय की बचत होती है और उत्पादन बढ़ाने में भी मदद मिलती है. किसानों को बताया गया कि सरकार की ओर से कृषि यंत्रों की खरीद पर अनुदान भी दिया जा रहा है.
किसानों ने अधिकारियों के सामने रखीं समस्याएं
गोष्ठी के दौरान किसानों ने गन्ना खेती से जुड़ी अपनी समस्याएं भी अधिकारियों के सामने रखीं. अधिकारियों ने किसानों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान से संबंधित जानकारी दी और बेहतर उत्पादन के लिए वैज्ञानिक तकनीक अपनाने की सलाह दी.
मौके पर गन्ना उप महाप्रबंधक विनोद राठी, ब्लॉक इंचार्ज आशुतोष भारद्वाज, राजन कुमार सहित सैकड़ों किसान मौजूद थे.
