सीवान: मौनिया बाबा मेला को लेकर प्रशासन अलर्ट, DM-SP के निर्देश पर शहर में होगी बैरिकेडिंग और पार्किग की व्यवस्था

महाराजगंज में मौनिया बाबा राजकीय मेला की तैयारियों को लेकर डीएम और एसपी ने बैठक की। सुरक्षा, पार्किंग और भीड़ नियंत्रण के लिए अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश।

Siwan News : उत्तर बिहार के प्रसिद्ध मौनिया बाबा राजकीय मेला को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. मंगलवार को डीएम विजय प्रकाश मीणा और एसपी भारती सोनी ने डीएवी पब्लिक स्कूल के सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर मेले की तैयारियों की समीक्षा की. इस दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए.

अखाड़ों के समय का रखना होगा विशेष ध्यान

डीएम ने कहा कि सभी अखाड़े निर्धारित समय का पालन करें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए. अखाड़ों के साथ जिन अधिकारियों और कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है, वे पूरे समय अखाड़े के साथ रहें. मेले के दौरान किसी तरह की सूचना या समस्या सामने आने पर उसका तत्काल समाधान करने का निर्देश दिया गया.

सीसीटीवी और वीडियोग्राफी से होगी निगरानी

डीएम ने मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों और लगातार वीडियोग्राफी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा. उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों को अपनी सुरक्षा का भी ध्यान रखने की सलाह दी. महत्वपूर्ण स्थानों पर विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल वरीय अधिकारियों को देने का निर्देश दिया गया.

शहर में जगह-जगह होगी बैरिकेडिंग

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मेला परिसर और प्रमुख मार्गों पर जगह-जगह बैरिकेडिंग कराने का निर्देश दिया गया है. प्रशासन का उद्देश्य भीड़ को नियंत्रित करने के साथ श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुरक्षित और व्यवस्थित रखना है. महत्वपूर्ण मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती भी सुनिश्चित करने को कहा गया.

निर्धारित स्थानों पर होगी पार्किंग की व्यवस्था

मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए निर्धारित स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अपने वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें, ताकि मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति उत्पन्न न हो.

एसपी ने पुलिस अधिकारियों को दिए गश्त बढ़ाने के निर्देश

एसपी भारती सोनी ने पुलिस अधिकारियों को मेले के दौरान लगातार गश्त करने का निर्देश दिया. भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती के साथ असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखने को कहा गया. कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए.

मेले के मार्ग और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

बैठक के बाद अधिकारियों ने मेला क्षेत्र में आने-जाने वाले प्रमुख मार्गों, संभावित पार्किंग स्थलों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. प्रशासन की ओर से भीड़ के दबाव वाले स्थानों को चिन्हित कर वहां अतिरिक्त व्यवस्था करने पर जोर दिया गया.

श्रद्धालुओं से प्रशासन ने की सहयोग की अपील

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि मेले के दौरान निर्धारित मार्गों और पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें. प्रशासन ने कहा कि श्रद्धालुओं के सहयोग से मेले को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने में मदद मिलेगी.

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में एडीएम प्रमोद कुमार, एसडीओ अनीता सिन्हा, एसडीओपी अमन, डीसीएलआर अमन आनंद, अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. सुमीत कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनीष गिरि

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >