सीवान: भगवानपुर हाट में NH-227A पर अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को रौंदा, 40 वर्षीय युवक की मौत; घर में पसरा मातम

सीवान के भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र में NH-227A पर एक भीषण सड़क हादसे में 40 वर्षीय जितेंद्र प्रसाद की मौत हो गई. बाजार से लौटते समय अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. परिवार में बड़ी बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं, जिससे मातम छा गया है.

Siwan News: जिले के भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र से गुजरने वाली राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 227ए (NH-227A) पर गुरुवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 40 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान साघर गांव निवासी विश्वनाथ प्रसाद के 40 वर्षीय पुत्र जितेंद्र प्रसाद के रूप में हुई है.

बाजार से सामान लेकर लौटते समय हुआ हादसा

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, जितेंद्र प्रसाद गुरुवार की शाम बाइक से घरेलू सामान खरीदने के लिए हसनपुरा बाजार गए हुए थे. देर रात जब वह खरीदारी कर अपने घर लौट रहे थे, तभी NH-227A पर मोहर राय के टोला के समीप किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि जितेंद्र प्रसाद की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.

पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम, गांव में मातम

दुर्घटना की सूचना मिलते ही भगवानपुर हाट थाने की गश्ती पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सीवान सदर अस्पताल भेज दिया.

शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद जब शव उनके पैतृक गांव साघर पहुंचा, तो परिजनों में कोहराम मच गया. पिता विश्वनाथ प्रसाद, माता मंजू देवी और पत्नी नीतू देवी शव से लिपटकर दहाड़ें मारकर रोने लगे. इस हृदयविदारक दृश्य को देखकर पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई.

बड़ी बेटी के विवाह की चल रही थीं तैयारियां

मृतक अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और दो पुत्रियों को छोड़ गए हैं. परिजनों ने बताया कि परिवार में उनकी बड़ी बेटी की शादी की तैयारियां जोरों पर चल रही थीं. घर का कमाऊ मुखिया होने के नाते पूरे परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी. जितेंद्र की असमय मौत से जहां परिवार का सहारा छिन गया है, वहीं बेटी के हाथ पीले करने का सपना भी अधर में लटक गया है. पुलिस मामले में अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है.

Also Read: सीवान में अनियंत्रित हैवी वाहन की चपेट में आया बाइक सवार युवक, इलाज के दौरान मौत


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रंजीत यादव

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >