सीवान में 24 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत, एनएच किनारे मिला शव, सूरत के साड़ी फैक्ट्री में करता था काम

Siwan Youth Murder : सीवान के मघरी गांव में 24 वर्षीय प्रदीप कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. खाना खाने के बाद टहलने निकले प्रदीप का शव एनएच-331 किनारे मिला. परिजनों का आरोप है कि उसकी हत्या की गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है.

Siwan Youth Murder : सीवान के भगवानपुर हाट प्रखंड के मघरी गांव में शुक्रवार रात 24 वर्षीय युवक प्रदीप कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. उसका शव मघरी बाजार के पास एनएच-331 किनारे मिला. परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है. पुलिस ने मौके से मृतक की एक चप्पल और एक अन्य व्यक्ति की चप्पल बरामद की है. मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है.

खाना खाने के बाद टहलने निकला था युवक

मघरी गांव निवासी रामजीत महतो का 24 वर्षीय पुत्र प्रदीप कुमार शुक्रवार रात खाना खाने के बाद घर से टहलने के लिए निकला था. परिजनों के अनुसार, इसी दौरान नेपाल में रहने वाले उसके एक दोस्त का वीडियो कॉल आया. फोन पर बात करते हुए प्रदीप घर से करीब 800 मीटर दूर एनएच-331 के किनारे पहुंच गया.

वीडियो कॉल के दौरान चार लोगों से हुआ विवाद

परिजनों के अनुसार, प्रदीप अपने दोस्त से फोन पर बात कर रहा था. इसी दौरान चार लोग उसके पास पहुंचे और मुजफ्फरपुर जाने का रास्ता पूछने लगे. आरोप है कि इसके बाद उन लोगों ने चाकू निकाल लिया और प्रदीप से कहासुनी शुरू हो गई. इसी बीच वीडियो कॉल अचानक कट गया.

घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीण

नेपाल में मौजूद दोस्त ने सुनी मारपीट की आवाज

बताया गया कि नेपाल में मौजूद प्रदीप का दोस्त फोन पर हुई बातचीत और विवाद की आवाज सुन रहा था. कॉल कटने के बाद उसने गांव और प्रदीप के परिजनों को सूचना दी कि कुछ लोग प्रदीप के साथ मारपीट कर रहे हैं. सूचना मिलते ही परिजन मौके की ओर पहुंचे, लेकिन वहां कोई नहीं मिला.

तलाश के दौरान 300 मीटर दूर मिला शव

मौके पर प्रदीप के नहीं मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस और परिजनों ने आसपास के इलाके में खोजबीन शुरू की. इसी दौरान घटनास्थल से करीब 300 मीटर दूर मघरी बाजार के पास सड़क किनारे प्रदीप का शव बरामद हुआ. शव मिलने के बाद इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया.

मौके से दो चप्पलें बरामद

पुलिस ने घटनास्थल से प्रदीप की एक चप्पल बरामद की है. इसके अलावा एक अन्य व्यक्ति की चप्पल भी मौके से मिली है. पुलिस इन दोनों साक्ष्यों समेत घटनास्थल से मिले अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है. हालांकि, हत्या की वजह और घटना में शामिल लोगों की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हुई है.

सूरत की साड़ी फैक्ट्री में करता था काम

प्रदीप तीन भाइयों में मंझला था और अविवाहित था. उसकी तीन बहनें हैं, जिनमें दो की शादी हो चुकी है. करीब चार वर्ष पहले उसकी मां सुगांति देवी का निधन हो गया था. प्रदीप सूरत की एक साड़ी फैक्ट्री में काम करता था और कुछ दिन पहले ही घर आया था.

बेटे की मौत से परिवार में मचा कोहराम

प्रदीप की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिवार ने घटना को हत्या बताते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है.

रात में ही पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

महाराजगंज एसडीपीओ अमन ने बताया कि मघरी बाजार के पास एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थिति में बरामद हुआ है. शव को रात में ही पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है.

पुलिस खंगाल रही घटना से जुड़े सभी पहलू

पुलिस अब वीडियो कॉल, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और युवक की गतिविधियों से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है. घटनास्थल से मिली दूसरी चप्पल भी जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा मानी जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के अन्य निष्कर्षों के आधार पर मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है.

Also Read : सीवान की ये धरोहरें बदल सकती हैं युवाओं की किस्मत, संरक्षण हुआ तो खुलेंगे रोजगार के नए रास्ते


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रंजीत यादव

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >