Siwan Woman Abduction Case : सीवान शहर के वीएम उच्च विद्यालय के पास से शनिवार को युवती के अपहरण और उसके साथ दुष्कर्म की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस ने वीएमएच स्कूल के पास से अपहरण की घटना को पूरी तरह निराधार पाया है. हालांकि, प्रारंभिक जांच में युवती के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने इसी आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया है.
क्या है पूरा मामला?
यह जानकारी एसपी पूरन कुमार झा ने दी. एसपी ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की विशेष टीम गठित कर अलग-अलग बिंदुओं पर जांच शुरू की गई. मुफस्सिल थानाध्यक्ष को बांसोपाली भेजकर घटनास्थल पर साक्ष्य संकलन कराया गया. महिला थानाध्यक्ष ने अस्पताल पहुंचकर पीड़िता का बयान लिया, जबकि महादेवा थानाध्यक्ष ने वीएमएच स्कूल से शहर तक के सीसीटीवी कैमरों की जांच की.
युवक से अस्पताल रोड में मिली युवती
वहीं, टाउन थानाध्यक्ष ने शहर के विभिन्न होटलों में जांच-पड़ताल की. एसपी के अनुसार, तकनीकी और मैनुअल इनपुट के साथ सीसीटीवी फुटेज की जांच में सामने आया कि वीएमएच स्कूल के पास से युवती के अपहरण की बात सही नहीं है. जांच में पता चला कि युवती अस्पताल रोड पर एक युवक के साथ मिली थी.
युवक-युवती साथ गए थे होटल
इसके बाद दोनों शहर के शांति बट वृक्ष के समीप स्थित मनपसंद होटल पहुंचे थे. पुलिस के अनुसार, यह मामले का पहला महत्वपूर्ण घटनास्थल सामने आया है. पुलिस टीम ने होटल के टॉप फ्लोर स्थित उस कमरे की तलाशी ली, जहां दोनों के पहुंचने की जानकारी मिली थी. वहां से पुलिस ने कुछ सामग्रियां बरामद की हैं और वैज्ञानिक साक्ष्य भी संकलित किए हैं.
मक्के के खेत से भी जुड़ा तार
होटल के रजिस्टर समेत अन्य रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है. एसपी ने बताया कि जांच में मामले का दूसरा महत्वपूर्ण घटनास्थल बांसोपाली गांव स्थित मक्के का खेत सामने आया है. पुलिस के अनुसार, घटना के बाद युवती वहां गई थी और वहां उसने खुद को वॉश किया था. घटनास्थल से भी पुलिस ने साक्ष्य जुटाए हैं. इसके बाद युवती और युवक के मेडिकल शॉप तक पहुंचने की जानकारी भी पुलिस को मिली है, जहां से कुछ साक्ष्य प्राप्त हुए हैं. एसपी ने कहा कि पीड़िता के बयान के आधार पर महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है.
पुलिस ने दो युवक को किया गिरफ्तार
प्रारंभिक जांच में मामला दुष्कर्म का प्रतीत होने के कारण पुलिस ने इसी आधार पर अनुसंधान एवं गिरफ्तारी की कार्रवाई की है. मामले में आगे की जांच वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है. मामले में मुफस्सिल थाने के बलेथा गांव निवासी मुख्य आरोपी अभिषेक बरनवाल एवं उसके साथी सुजीत कुमार को गिरफ्तार किया गया है. दोनों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस घटना की पूरी कड़ी को जोड़ने में जुटी है.
पहले से परिचित थे लड़का-लड़की
एसपी ने बताया कि लड़की और लड़का पूर्व से परिचित थे कि नहीं, इस बात की जांच की जा रही है. उन्होंने बताया कि होटल को सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. होटल की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
एसपी ने क्या कहा ?
एसपी ने बताया कि होटल से संबंधित रजिस्टर और अन्य दस्तावेजों को खंगाला जा रहा है. यदि जांच में होटल की किसी प्रकार की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
अपहरण की कहानी निकली झुठी
एसपी पूरन कुमार झा ने स्पष्ट किया कि वीएमएच स्कूल के पास से युवती के अपहरण की कोई घटना नहीं हुई है. कुछ न्यूज चैनलों में प्रारंभिक तौर पर वीएमएच स्कूल के पास से अपहरण की बात सामने आई थी, लेकिन पुलिस की जांच और सीसीटीवी फुटेज से यह बात निराधार साबित हुई है. उन्होंने बताया कि मामले में पीड़िता एक युवती है और पुलिस सभी पहलुओं की विस्तृत जांच कर रही है.
Also Read : वरिष्ठ पत्रकार बीरेंद्र तिवारी के पिता गोपाल तिवारी का निधन, सरयू घाट पर दी गयी अंतिम विदाई
