Siwan News: राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर गुरुवार को भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत माय भारत, सीवान तथा राष्ट्रीय सेवा योजना, क्षेत्रीय निदेशालय, पटना के तत्वावधान में जिले के दो कॉलेजों में ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया. राजा सिंह कॉलेज और विद्याभवन महिला महाविद्यालय में कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया, जिसमें सैकड़ों छात्र-छात्राओं एवं युवाओं ने भाग लिया.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन और युवाओं से अपील
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के युवाओं को संबोधित किया. उन्होंने खेल के क्षेत्र में भारत की बढ़ती उपलब्धियों, युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहन, खेल सुविधाओं के विकास और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर चर्चा की. इसके साथ ही युवाओं से खेलों के साथ नशामुक्त भारत के निर्माण में भी सक्रिय भागीदारी करने की अपील की गई.
विद्याभवन महिला कॉलेज में टू-वे संवाद रहा मुख्य आकर्षण
विद्याभवन महिला महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण टू-वे संवाद रहा. इस दौरान छात्राएं प्रधानमंत्री का संबोधन लाइव सुनने के साथ उन्हें देख भी पा रही थीं, जबकि प्रधानमंत्री भी सीवान के छात्र-छात्राओं को लाइव देख रहे थे. इस तकनीक और संवाद की व्यवस्था को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला.
2036 ओलंपिक की तैयारी और स्पोर्ट्स आइकॉन के अनुभव
कार्यक्रम में 2036 ओलंपिक के लिए प्रतिभाओं को तैयार करने, जमीनी स्तर पर खेल सुविधाओं को मजबूत करने और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी जैसे विषयों पर चर्चा हुई. इस दौरान स्पोर्ट्स आइकॉन के रूप में साइक्लिंग की शशि यादव और फुटबॉल की मनीषा कुमारी ने अपने अनुभव साझा किए और युवाओं को निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया. बड़ी संख्या में युवाओं की मौजूदगी से दोनों कॉलेज परिसरों में खेल के प्रति उत्साह का माहौल बना रहा.
Also Read: सीवान के बड़हरिया में संगीत के जरिए विद्यार्थियों को मिला राष्ट्रीय एकता और नशामुक्ति का संदेश
