सीवान के गुठनी में महादेव मंदिर से चार मूर्तियां चोरी, मैरवा में नहर किनारे खेत से बरामद

गुठनी के महादेव मंदिर से चार मूर्तियों की चोरी से हड़कंप मच गया. पुजारी ने सुबह पूजा करने आते समय मूर्तियों को गायब पाया. पुलिस की सक्रियता से मैरवा में नहर किनारे खेत से सभी मूर्तियां सकुशल बरामद कर ली गईं.

Mahadev Temple: गुठनी थाना क्षेत्र के खड़खड़िया गांव स्थित महादेव मंदिर के मुख्य गेट पर लगी चार मूर्तियों की चोरी से बुधवार की सुबह पूरे गांव में हड़कंप मच गया. मंदिर के पुजारी जितेंद्र मिश्रा सुबह पूजा करने पहुंचे तो उन्हें मूर्तियां गायब मिलीं. उनके शोर मचाने पर आसपास के सैकड़ों ग्रामीण मंदिर परिसर में जुट गए.

ग्रामीणों ने घटना की सूचना जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गुठनी थाने की पुलिस को दी. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सुनील कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की.

मैरवा में नहर किनारे खेत से मिलीं मूर्तियां

पुलिस ने मामले की जांच के दौरान मूर्तियों की तलाश शुरू की. इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि मैरवा थाना क्षेत्र में लेभरी नहर के समीप खेत में कुछ मूर्तियां पड़ी हैं. सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां राधा-कृष्ण, सरस्वती, हनुमान और लक्ष्मी जी की मूर्तियां बरामद की गयीं.

पुलिस ने मूर्तियों को सकुशल बरामद कर स्थानीय लोगों को सौंप दिया. मूर्तियां मिलने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली.

चोरी करने वालों की पहचान में जुटी पुलिस

थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि मंदिर से चोरी हुई मूर्तियों को सकुशल बरामद कर लिया गया है. मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मूर्तियों को मंदिर से किसने हटाया और उन्हें नहर के समीप खेत में किस परिस्थिति में रखा गया.

थानाध्यक्ष ने कहा कि जांच के बाद चोरी में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

मंदिर के आसपास गश्त बढ़ाने की मांग

घटना के बाद ग्रामीणों ने मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि धार्मिक स्थल की सुरक्षा को लेकर पुलिस को नियमित निगरानी करनी चाहिए.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By चंद्र प्रकाश दूबे

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >