सीवान गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज में BTech नामांकन शुरू, पहले ही दिन 35% सीटें फुल, 360 सीटों पर चल रही एडमिशन प्रक्रिया

BTech Admission 2026: सीवान गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज में BTech नामांकन प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गई है. पहले ही दिन 33% यानी 120 सीटों पर दाखिला पूरा हो गया है. इस साल राज्यभर में इंजीनियरिंग सीटों में 1500 की वृद्धि हुई है.

BTech Admission 2026: सूबे के सभी गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेजों में बीटेक में नामांकन की प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गयी है. बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद की अधिसूचना के बाद सभी राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालयों में दाखिला लिया जा रहा है. इसी कड़ी में पहले ही दिन राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय सीवान में बीटेक की 120 यानी 33 फीसदी सीटों पर नामांकन की प्रक्रिया पूरी कर ली गयी. यहाँ विभिन्न संकायों में कुल 360 सीटों पर नामांकन होना है.

परिसर में छह टेबल

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर सूर्यकांत सिंह ने बताया कि नामांकन पूरी तरह से शांतिपूर्ण और पारदर्शी माहौल में जारी है. नामांकन प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए कॉलेज परिसर में कुल छह विशेष टेबल बनाए गए हैं. इन काउंटरों पर प्रतिनियुक्त अधिकारी और प्रोफेसर बारीकी से सभी छात्रों के कागजातों की गहन जांच कर रहे हैं, जिसके पश्चात काउंसलिंग की औपचारिकता पूरी कर नामांकन की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा रहा है.

इस वर्ष सीटें बढ़ीं

बताते चलें कि इस वर्ष राज्यभर की कुल 14,500 इंजीनियरिंग सीटों पर नामांकन लिया जाएगा, जो पिछले साल की 13,000 सीटों की तुलना में 1,500 अधिक हैं. अकेले गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज सीवान में 360 सीटों पर दाखिला होना है. सीटों की इस वृद्धि से तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में करियर बनाने वाले स्थानीय और राज्यभर के मेधावी छात्र-छात्राओं को आगे बढ़ने का बड़ा अवसर मिलेगा.

पहले राउंड की काउंसिलिंग

प्राचार्य डॉ. सूर्यकांत सिंह ने बताया कि आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, नामांकन का पहला राउंड 7 से 9 जुलाई तक पूरी तत्परता से चलेगा. प्राचार्य ने कड़े शब्दों में स्पष्ट कर दिया है कि यदि किसी छात्र को मेधा सूची के आधार पर सीट आवंटित की गई है और वह पहले राउंड की काउंसिलिंग में तय समय पर शामिल नहीं होता है, तो उसे आगामी प्रक्रिया के लिए स्वतः अयोग्य घोषित कर दिया जाएगा.

सीट खाली मानी जाएगी

अयोग्य घोषित होने के साथ ही उसकी आवंटित सीट को पूरी तरह खाली मान लिया जाएगा. इसके बाद जिन छात्रों को पहले राउंड में मनपसंद ब्रांच या सीट नहीं मिलेगी, उन्हें 20 और 21 जुलाई को आयोजित होने वाले दूसरे राउंड की काउंसिलिंग प्रक्रिया का इंतजार करना होगा. कॉलेज प्रशासन ने छात्रों से समय सारणी का पूरी तरह से पालन करने और अंतिम समय की तकनीकी दिक्कतों से बचने की अपील की है.

बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य

प्राचार्य डॉ. सूर्यकांत सिंह ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया के दौरान पूरी पारदर्शिता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं. छात्र बीसीईसीई या एमआईटी की आधिकारिक वेबसाइट से जांच पर्ची डाउनलोड कर उसे पूरी तरह भरकर ला रहे हैं. इसमें छात्र का नाम, पिता का नाम, जेईई रोल नंबर और सरकारी पहचान जैसी आवश्यक व्यक्तिगत जानकारियां शामिल हैं. इसके साथ ही, किसी भी तरह के फर्जीवाड़े को रोकने के लिए बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जा रहा है.

सभी पात्रताओं की जांच

इसके अतिरिक्त छात्र एक अलग फॉर्म भरकर अपनी ऑल इंडिया रैंक और आईडी जैसी जानकारियां साझा कर रहे हैं. प्रशासनिक स्तर पर गठित तकनीकी टीम द्वारा काउंसिलिंग के समय छात्रों की केवल शैक्षणिक योग्यता ही नहीं, बल्कि उनकी निर्धारित आयु सीमा, बिहार की आवासीय पात्रता और स्वास्थ्य का भी गहन परीक्षण किया जा रहा है. ताकि किसी भी स्तर पर नियमों का उल्लंघन न हो सके.

इन दस्तावेजों को लाएं

प्राचार्य के अनुसार, नामांकन के समय छात्रों को जो मूल दस्तावेज अनिवार्य रूप से लाने हैं, उनमें मैट्रिक और इंटरमीडिएट के अंक पत्र, एडमिट कार्ड और मूल प्रमाण पत्र शामिल हैं. इसके अतिरिक्त छात्रों को जेईई मेन का मूल स्कोर कार्ड और एडमिट कार्ड, एडमिट कार्ड पर लगी फोटो की छह अतिरिक्त पासपोर्ट साइज प्रतियां, अंचलाधिकारी द्वारा निर्गत आवासीय प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र और संबंधित श्रेणी का वैध प्रमाण पत्र काउंटर पर प्रस्तुत करना होगा. सभी दस्तावेजों की स्व-अभिप्रमाणित छायाप्रति भी दो सेट में जमा करनी होगी.

Also Read: सीवान में पूर्व विधायक समेत 14 नामजद पर रंगदारी, तोड़फोड़ और मारपीट का केस दर्ज, कॉलेज प्राचार्य ने लगाए गंभीर आरोप


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Manish giri

Published by: Vikash Jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >