Maharajganj Mahaviri Jhanda Fair : सीवान के महाराजगंज थाना क्षेत्र के गौर गांव स्थित महावीरी झंडा मेला में प्रशासनिक प्रतिबंध के बावजूद डीजे और आर्केस्ट्रा चलाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है. पुलिस ने तीन अखाड़ा समितियों, डीजे और आर्केस्ट्रा संचालकों समेत नौ नामजद तथा 40 से 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. मामला महाराजगंज थाना कांड संख्या 349/26 के तहत दर्ज किया गया है.
प्रतिबंध के बावजूद मेला में बज रहा था डीजे
पुलिस के अनुसार, महावीरी झंडा मेला और जुलूस को लेकर प्रशासन ने पहले ही डीजे, आर्केस्ट्रा और अश्लील गीतों पर प्रतिबंध की जानकारी अखाड़ा समितियों को दी थी. इसके बावजूद 28 अगस्त को गौर बाजार स्थित हाईस्कूल मैदान में कई बड़े स्टेज लगाए गए थे, जहां तेज आवाज में डीजे बजाने के साथ आर्केस्ट्रा कार्यक्रम चल रहा था.
शांति समिति की बैठक में दी गयी थी चेतावनी
करीब 12 दिन पहले सीओ जितेंद्र पासवान, बीडीओ बिंदु कुमार और थानाध्यक्ष विजय कुमार चौधरी ने गौर बाजार में अखाड़ा समितियों के अध्यक्ष, सचिव और सदस्यों के साथ बैठक की थी. बैठक में प्रशासन ने महावीरी जुलूस के दौरान डीजे, आर्केस्ट्रा और अश्लील गीतों पर रोक की स्पष्ट जानकारी दी थी. साथ ही ऐसी गतिविधियों से बचने की चेतावनी दी गयी थी, जिससे शांति और विधि-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है.
पुलिस के निर्देश के बाद भी जारी रहा कार्यक्रम
पुलिस के मुताबिक, 28 अगस्त को पुलिस पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ विधि-व्यवस्था के लिए मेला स्थल पर पहुंचे थे. इस दौरान हाईस्कूल मैदान में डीजे और आर्केस्ट्रा कार्यक्रम चलता मिला. पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों को डीजे और आर्केस्ट्रा बंद करने का निर्देश दिया, लेकिन आरोप है कि इसके बावजूद कार्यक्रम जारी रहा.
अश्लील गीत-नृत्य और धारदार हथियार दिखाने का आरोप
दर्ज प्राथमिकी में आर्केस्ट्रा कार्यक्रम के दौरान अश्लील गीत और नृत्य प्रस्तुत करने का आरोप लगाया गया है. इसके साथ ही कार्यक्रम के दौरान धारदार हथियारों का प्रदर्शन किए जाने की बात भी प्राथमिकी में कही गयी है. पुलिस ने मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
नौ नामजद समेत 40 से 50 अज्ञात पर केस
मामले में लाइसेंसधारी विश्वकर्मा प्रसाद, कृष्णा साह और छोटेलाल प्रसाद को नामजद किया गया है. इसके अलावा डीजे संचालक सोनू कुमार, नितेश कुमार और सुमंत कुमार, काजल आर्केस्ट्रा की संचालक काजल कुमारी, शेर बिहार आर्केस्ट्रा के संचालक मदन राय तथा प्रकाश इवेंट शो के संचालक प्रकाश कुमार को भी नामजद किया गया है. प्राथमिकी में 40 से 50 अज्ञात लोगों को भी आरोपित बनाया गया है.
प्राथमिकी के बाद समिति सदस्यों में हड़कंप
पुलिस कार्रवाई और प्राथमिकी दर्ज होने के बाद अखाड़ा समितियों के सदस्यों और मेला में शामिल लोगों के बीच हड़कंप की स्थिति है. पुलिस मामले में नामजद और अज्ञात आरोपितों की भूमिका की जांच कर रही है.
पुलिस ने कहा, प्रतिबंध उल्लंघन पर हुई कार्रवाई
थानाध्यक्ष विजय कुमार चौधरी ने बताया कि शांति समिति की बैठक में अखाड़ा समितियों को डीजे और आर्केस्ट्रा पर प्रतिबंध की जानकारी दी गयी थी. इसके बावजूद प्रतिबंध का उल्लंघन कर जुलूस में डीजे और आर्केस्ट्रा के माध्यम से अश्लील नृत्य कराने का आरोप सामने आया. इसके बाद पुलिस प्रशासन ने प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है.
Also Read : सीवान के 17 पंचायतों के 329 एन्यूमरेशन ब्लॉक का होगा डिजिटल विवरण, पंचायत चुनाव को लेकर तैयारी तेज
