Siwan News : मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के भटवलिया गांव में महावीरी झंडा जुलूस के नाम पर चंदा मांगने को लेकर दो ई-रिक्शा चालकों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सीवान-बड़हरिया मुख्य मार्ग को जाम कर प्रदर्शन किया. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने लोगों को कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया.
रास्ते में बैरियर लगाकर मांगा जा रहा था चंदा
पीड़ित ई-रिक्शा चालक के अनुसार, उसका ई-रिक्शा खराब हो गया था. वह दूसरे ई-रिक्शा से जोड़कर उसे मरम्मत के लिए ले जा रहा था. इसी दौरान भटवलिया गांव के यादव टोला के समीप कुछ युवकों ने सड़क पर बैरियर लगाकर महावीरी जुलूस के लिए चंदा मांगना शुरू कर दिया.
चंदा बाद में देने की बात पर विवाद का आरोप
चालक ने तत्काल पैसे नहीं होने की बात कहते हुए बाद में चंदा देने की बात कही. आरोप है कि चंदा देने से इनकार करने पर युवकों ने उसका रास्ता रोक दिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी. इस दौरान दूसरे ई-रिक्शा चालक के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है.
चालक का चेहरा पानी में डुबोने का लगाया आरोप
पीड़ित चालक का आरोप है कि मारपीट के दौरान कुछ युवकों ने उसे पकड़कर सड़क किनारे गड्ढे में जमा पानी में उसका चेहरा डुबो दिया. सांस घुटने लगी तो वह किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर भाग गया. घटना के बाद उसने डायल-112 और अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी.
ग्रामीणों ने सीवान-बड़हरिया मुख्य मार्ग किया जाम
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित के परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे. आक्रोशित लोगों ने सीवान-बड़हरिया मुख्य मार्ग को जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया. सड़क जाम होने से आवागमन प्रभावित हुआ. सूचना मिलने पर मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया.
कार्रवाई के आश्वासन पर समाप्त हुआ जाम
पुलिस ने ग्रामीणों को मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोगों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया. इसके बाद मार्ग पर यातायात सामान्य हुआ.
पुलिस ने कहा- आवेदन लेकर जांच शुरू
मुफ्फसिल थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 के अलावा गश्ती दल को मौके पर भेजा गया था. पीड़ित से आवेदन लिया गया है. मामले की जांच की जा रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
