Dr. Dhananjay Dubey Mount Unam Climb: उम्र महज एक नंबर है और जज्बा हो तो कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है. इस बात को सच कर दिखाया है महराजगंज अनुमंडल के कोथुआ सारंगपुर गांव निवासी 51 वर्षीय सुप्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य डॉ. धनंजय दुबे ने. स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर डॉ. दुबे ने हिमाचल प्रदेश के लाहौल स्थित चंद्रभागा रेंज की 6111 मीटर ऊंची माउंट यूनम चोटी पर सफलतापूर्वक चढ़ाई कर तिरंगा फहराया.
डॉ. धनंजय दुबे ने पांच सदस्यीय टीम के साथ इस दुर्गम चोटी को फतह किया. उन्होंने अपनी इस उपलब्धि को सीवान की माटी के लाल और भारत के प्रथम राष्ट्रपति देशरत्न डॉ. राजेंद्र प्रसाद को समर्पित किया है. उनकी सफलता से महराजगंज और सीवान जिले में खुशी का माहौल है.
युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश
पर्वतारोहण के बाद डॉ. दुबे ने युवाओं के नाम संदेश जारी करते हुए कहा कि युवा अपनी ऊर्जा को समाज और देश के हित में लगाएं. उन्होंने युवाओं से अच्छा स्वास्थ्य बनाए रखने, अच्छी शिक्षा ग्रहण करने और नशे से दूर रहने की अपील की. उन्होंने कहा कि पर्वतारोहण का उद्देश्य युवाओं के लिए स्वस्थ प्रेरणा बनना है. अनुशासन और साहस के साथ किसी भी उम्र में समाज के लिए प्रेरणास्रोत बना जा सकता है. इसके लिए उम्र कोई बाधा नहीं है.
नेहरू पर्वतारोहण संस्थान से लिया प्रशिक्षण
डॉ. धनंजय दुबे की पहचान ज्योतिषाचार्य के साथ-साथ प्रशिक्षित पर्वतारोही के रूप में भी है. उन्होंने प्रतिष्ठित नेहरू पर्वतारोहण संस्थान से पर्वतारोहण का प्रशिक्षण प्राप्त किया है. पर्यावरण और साहसिक खेलों के क्षेत्र में भी उनका योगदान रहा है.
पूर्व में मुरादाबाद में माउंटेनियर रवि कुमार फाउंडेशन ऑफ इंडिया की ओर से इंटरनेशनल माउंटेन दिवस के अवसर पर उन्हें पर्यावरण के प्रति जागरूकता और योगदान के लिए सम्मानित किया जा चुका है. 51 वर्ष की उम्र में 6111 मीटर की ऊंचाई पर तिरंगा फहराकर डॉ. दुबे ने बिहार के युवाओं के सामने मिसाल पेश की है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और जुनून के साथ उम्र की सीमा को पीछे छोड़ा जा सकता है.
