सीवान: विकास योजनाओं में तेजी लाकर समय पर पूरा करें कार्य, डीएम का निर्देश

सीवान जिले में विकास योजनाओं को गति देने के लिए जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने एक महत्वपूर्ण बैठक की. उन्होंने विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं के समय पर क्रियान्वयन पर जोर दिया, जिसमें जल संरक्षण, आवास योजना और सोलर स्ट्रीट लाइटें शामिल हैं.

Siwan News: सीवान जिले के जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय सभागार में जिला समन्वय समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में ग्रामीण विकास विभाग की विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान, पंचायती राज विभाग तथा अन्य विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई. डीएम ने सभी अधिकारियों को योजनाओं का समय पर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का कड़ा निर्देश दिया.

जल संरक्षण पर विशेष जोर

सीवान के जिलाधिकारी ने समीक्षा के दौरान कहा कि वीबी-जी-राम योजना के तहत प्राप्त राशि का नियमानुसार जल्द से जल्द भुगतान किया जाए. उन्होंने इस योजना के तहत जल संरक्षण, पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया. इसके साथ ही उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक प्रखंड में कुछ बड़ी और गुणवत्तापूर्ण योजनाओं का चयन कर उन्हें मॉडल योजना के रूप में विकसित करें.

सोलर स्ट्रीट लाइट का निर्देश

सीवान में पंचायती राज विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारियों को पंचम वित्त आयोग की राशि का नियमानुसार शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने पंचायतों में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने वाली संबंधित एजेंसी को सख्त निर्देश दिया कि जहां अब तक सोलर लाइट नहीं लगाई गई है, वहां शीघ्र कार्य पूरा किया जाए. साथ ही पहले से लगी लाइटों के रखरखाव की निगरानी करने को कहा.

आवास योजना की राशि जारी

सीवान के डीएम ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा के दौरान बताया कि विभाग से राशि प्राप्त हो चुकी है. उन्होंने सभी बीडीओ को निर्देश दिया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के जिन लाभुकों की प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय किस्त की ऑर्डरशीट पहले से जेनरेट है, उनके बैंक खातों में जल्द राशि हस्तांतरित की जाए. उन्होंने निर्देश दिया कि एरिया ऑफिसर ऐप के माध्यम से आवास योजनाओं का नियमित निरीक्षण कराया जाए और प्रगति पर नजर रखी जाए.

Also Read: सीवान: विद्या भवन महिला कॉलेज में पीजी एडमिशन 17 जुलाई तक, तीन विषयों में नामांकन शुरू


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Vikash Jha

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >