Bhagwanpur Hat Durga Temple Accident : सीवान जिले के भगवानपुर हाट बाजार स्थित दुर्गा मंदिर में सावन की पहली सोमवारी पर जलाभिषेक के दौरान एक हादसा हो गया. मंदिर परिसर में चापाकल के पास फिसलन होने से दो-तीन महिलाएं गिरकर घायल हो गईं. इनमें एक महिला को गंभीर चोट लगी, जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया.
जलाभिषेक के दौरान मंदिर परिसर में हुआ हादसा
सावन की पहली सोमवारी पर भगवानपुर हाट बाजार स्थित दुर्गा मंदिर में भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी थी. बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालु पूजा-अर्चना कर रही थीं. इसी दौरान मंदिर परिसर में लगे चापाकल पर पानी भरते समय फिसलन के कारण दो-तीन महिलाएं गिरकर घायल हो गईं.
एक महिला को लगी गंभीर चोट
घायलों में भगवानपुर हाट गांव निवासी मुन्ना प्रसाद की पत्नी श्रीकांति देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं. बताया गया कि चापाकल के आसपास पानी जमा होने से उनका पैर फिसल गया और वे पक्की जमीन पर गिर पड़ीं. हादसे में उनके दाहिने पसली के हिस्से और कंधे में गंभीर चोट आई. घटना के बाद मंदिर परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई.
अस्पताल में कराया गया प्राथमिक उपचार
मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने घायल महिला को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, भगवानपुर हाट पहुंचाया. वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. चंद्रमोहन सिंह ने प्राथमिक उपचार किया. डॉक्टर ने बताया कि महिला के दाहिने पसली के हिस्से और कंधे में गंभीर चोट आई है. एक्स-रे रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हड्डी में फ्रैक्चर है या नहीं. फिलहाल महिला चिकित्सकीय निगरानी में है.
स्थानीय लोगों ने उठाए व्यवस्था पर सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन और मंदिर प्रबंधन समिति की व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई. उनका कहना है कि सावन की सोमवारी पर हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचते हैं. इसके बावजूद चापाकल के आसपास फिसलन रोकने, पानी निकासी और भीड़ प्रबंधन के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए, जिससे यह हादसा हुआ.
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था मजबूत करने की मांग
स्थानीय लोगों ने बताया कि दुर्गा मंदिर राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-331 के किनारे स्थित है. सावन के दौरान यहां श्रद्धालुओं की संख्या कई गुना बढ़ जाती है, जिससे सड़क पर भीड़ और दुर्घटना का खतरा बना रहता है. लोगों ने मंदिर परिसर में साफ-सफाई, फिसलन रोकने के उपाय, बेहतर जल निकासी, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियंत्रण के लिए पुलिस बल की तैनाती की मांग की है.
