karsaut pacs Election Results: करसौत पैक्स अध्यक्ष पद के लिए मंगलवार को हुए चुनाव का परिणाम घोषित होते ही अलका देवी के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गयी. मतगणना में अलका देवी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजीव रंजन सिंह को 75 मतों के अंतर से पराजित कर अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की. अलका देवी को कुल 353 मत मिले, जबकि राजीव रंजन सिंह को 278 मत प्राप्त हुए. वहीं, 67 मत भोकस पड़े.
परिणाम घोषित होते ही समर्थकों ने एक-दूसरे को बधाई दी और जीत का जश्न मनाया. दोनों प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला था. प्रशासन की कड़ी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ.
75 मतों से मिली निर्णायक जीत
करसौत पैक्स अध्यक्ष पद की मतगणना में अलका देवी को 353 और राजीव रंजन सिंह को 278 मत मिले. दोनों प्रत्याशियों के बीच 75 मतों का अंतर रहा. मतगणना के दौरान अलका देवी ने बढ़त बनाये रखी. परिणाम घोषित होने के बाद समर्थकों ने उन्हें फूल-माला पहनाकर बधाई दी.
49.36 प्रतिशत मतदाताओं ने किया मतदान
पैक्स के अंतर्गत कुल 1414 मतदाता मतदान के लिए निर्धारित थे. इनमें से 698 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. इस तरह कुल मतदान प्रतिशत 49.36 रहा. मतदान समाप्त होने के बाद मतपेटिकाओं को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सील कर सुरक्षित रखा गया और इसके बाद मतगणना करायी गयी.
मतदान के दौरान प्रशासन रहा मुस्तैद
चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस की टीम पूरे दिन सक्रिय रही. निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ सिंपी कुमारी, सीओ वेदप्रकाश नारायण, उप निर्वाची पदाधिकारी सह बीईओ सौरभ सुमन और थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने करसौत पैक्स के तीनों मतदान केंद्रों का लगातार निरीक्षण किया.
अधिकारियों ने मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था और मतदाताओं की सुविधाओं का जायजा लिया. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपर थानाध्यक्ष मोहन कुमार निराला, एसआई सूर्य कुमार समेत पुलिस बल के जवान तैनात रहे. अधिकारियों की सक्रियता के कारण मतदान के दौरान किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली.
हर चरण में बढ़ता गया मतदान प्रतिशत
सुबह नौ बजे तक 154 मतदाताओं ने मतदान किया था, जो कुल मतदाताओं का 10.89 प्रतिशत था. सुबह 11 बजे तक 325 मत पड़े और मतदान प्रतिशत 22.98 हो गया. दोपहर एक बजे तक 476 मतदाताओं ने वोट डाला, जिससे मतदान प्रतिशत 33.66 पहुंच गया.
दोपहर तीन बजे तक 633 मत पड़ चुके थे और मतदान प्रतिशत 44.77 रहा. शाम 4:30 बजे मतदान समाप्त होने तक कुल 698 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. इस तरह कुल मतदान प्रतिशत 49.36 रहा.
अलका देवी की जीत के साथ करसौत पैक्स को नया अध्यक्ष मिल गया है. अब पैक्स के विकास और किसानों से जुड़े कार्यों को लेकर नवनिर्वाचित अध्यक्ष से लोगों की उम्मीदें बढ़ गयी हैं.
