सीवान में प्राथमिकता समन्वय की बैठक, लंबित योजनाओं को समय पर पूरा करने का निर्देश

सीवान जिलाधिकारी ने समन्वय बैठक में लंबित कार्यों व योजनाओं की समीक्षा की. उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य विभागों को समय सीमा के भीतर काम पूरा करने के निर्देश दिए और अंतरविभागीय समन्वय पर जोर दिया.

Siwan News : समाहरणालय के संवाद कक्ष में सोमवार को जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा की अध्यक्षता में प्राथमिकता समन्वय की बैठक आयोजित की गयी. इसमें जिले के सभी जिलास्तरीय पदाधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित प्राथमिकता वाले मुद्दों, महत्वपूर्ण लंबित मामलों और योजनाओं की प्रगति की जानकारी पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत की. जिलाधिकारी ने विभागवार प्रस्तुतियों का अवलोकन कर संबंधित पदाधिकारियों से योजनाओं और लंबित मामलों की स्थिति पर चर्चा की.

समय सीमा के भीतर लंबित कार्यों का करें निष्पादन

जिलाधिकारी ने शिक्षा, स्वास्थ्य, आईसीडीएस, विद्युत, भवन निर्माण, पीएचईडी समेत अन्य विभागों से जुड़े मामलों में निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि प्राथमिकता वाले कार्यों को चिह्नित कर उनके निष्पादन की नियमित समीक्षा की जाये, ताकि किसी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो.

विभागों के बीच समन्वय से दूर होगी कार्यों में देरी

डीएम ने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर अंतरविभागीय समन्वय पर विशेष जोर दिया. उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करने का निर्देश दिया, ताकि एक विभाग से संबंधित कार्य दूसरे विभाग के स्तर पर लंबित रहने के कारण योजनाओं के क्रियान्वयन में देरी नहीं हो.

उन्होंने सभी पदाधिकारियों को अपने विभाग के महत्वपूर्ण और प्राथमिकता वाले कार्यों की नियमित समीक्षा करने तथा लंबित मामलों को चिह्नित कर निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप समय पर निष्पादित कराने को कहा.

आंगनबाड़ी और पंचायत सरकार भवन की भी हुई समीक्षा

बैठक में आंगनबाड़ी केंद्र, सामुदायिक भवन, पंचायत सरकार भवन सहित विभिन्न विभागों की महत्वपूर्ण लंबित योजनाओं की समीक्षा की गयी. जिलाधिकारी ने जनहित से जुड़े मामलों और सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं के क्रियान्वयन में विशेष तत्परता बरतने का निर्देश दिया.

उन्होंने कहा कि योजनाओं में प्रगति के साथ-साथ सामने आ रही समस्याओं का त्वरित समाधान भी सुनिश्चित किया जाये, ताकि आम लोगों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके.

कई विभागों के पदाधिकारी रहे मौजूद

बैठक में अपर समाहर्ता प्रमोद कुमार, उप विकास आयुक्त अमिताभ सिंह, भूमि सुधार उप समाहर्ता, विभिन्न विभागों के जिलास्तरीय पदाधिकारी, संबंधित विभागों के अभियंता, सीवान सदर के बीडीओ व सीओ समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनीष गिरि

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >