सीवान में 28 लाख कॉपियों की जांच शुरू, कमजोर बच्चों के लिए बनेगी विशेष रणनीति

सीवान जिले के 2100 स्कूलों में 28 लाख कॉपियों का मूल्यांकन शुरू हो गया है. कमजोर छात्रों की पहचान कर उन्हें अतिरिक्त पढ़ाई व विशेष रणनीति से मदद मिलेगी. 26 सितंबर को अभिभावक-शिक्षक बैठक में प्रगति पत्र दिए जाएंगे.

Siwan News : सीवान जिले के करीब 2100 प्रारंभिक विद्यालयों में अर्द्धवार्षिक मूल्यांकन की उत्तर-पुस्तिकाओं की जांच सोमवार से शुरू हो गयी. शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत वर्ग 3 से 8 तक के विद्यार्थियों की करीब 28 लाख कॉपियों का मूल्यांकन जिले के 298 संकुल संसाधन केंद्रों पर किया जा रहा है. विभाग ने सभी केंद्रों पर 25 सितंबर तक मूल्यांकन कार्य पूरा करने का निर्देश दिया है.

वर्ग 1 और 2 के विद्यार्थियों का मौखिक मूल्यांकन कराया गया है, जबकि वर्ग 3 से 8 तक की लिखित परीक्षा 15 से 20 सितंबर के बीच आयोजित हुई थी. उत्तर-पुस्तिकाओं की जांच पूरी होने के बाद 26 सितंबर को सभी विद्यालयों में अभिभावक-शिक्षक बैठक यानी पीटीएम आयोजित की जायेगी. इस दौरान विद्यार्थियों को प्रगति पत्र दिया जायेगा और अभिभावकों को उनके शैक्षणिक प्रदर्शन की जानकारी दी जायेगी.

सी, डी और ई ग्रेड वाले बच्चों की होगी पहचान

मूल्यांकन के दौरान सी, डी और ई ग्रेड प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को चिह्नित किया जायेगा. ऐसे बच्चों के सीखने के स्तर को देखते हुए विशेष रणनीति तैयार की जायेगी. उन्हें अतिरिक्त और पूरक अध्ययन कराया जायेगा, ताकि उनकी शैक्षणिक स्थिति में सुधार लाया जा सके.

विभाग का जोर मूल्यांकन के बाद सिर्फ अंक जारी करने पर नहीं, बल्कि कमजोर विद्यार्थियों की पहचान कर उनके लिए आगे की पढ़ाई की कार्ययोजना तैयार करने पर है. पीटीएम के माध्यम से अभिभावकों को भी बच्चों की शैक्षणिक स्थिति से अवगत कराया जायेगा.

पीटीएम में नहीं आने वाले अभिभावकों से होगा पत्राचार

26 सितंबर को आयोजित होने वाली पीटीएम में अभिभावकों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया है. बैठक में अनुपस्थित रहने वाले अभिभावकों से पत्राचार कर उन्हें बच्चों की शैक्षणिक प्रगति की जानकारी देने की व्यवस्था की जायेगी. इससे विद्यालय और अभिभावकों के बीच समन्वय बनाये रखने की कोशिश की जायेगी.

जीरादेई के 16 संकुल केंद्रों पर शुरू हुई कॉपियों की जांच

जीरादेई. प्रखंड के सभी 16 संकुल संसाधन केंद्रों पर सोमवार से अर्द्धवार्षिक परीक्षा की उत्तर-पुस्तिकाओं की जांच शुरू हो गयी. बीईओ मुरारी कुमार के निर्देश पर मूल्यांकन कार्य 25 सितंबर तक पूरा किया जाना है. इसके बाद 26 सितंबर को विद्यालयों में पीटीएम आयोजित कर बच्चों को रिपोर्ट कार्ड दिया जायेगा.

राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद के निर्देश पर 15 से 20 सितंबर तक अर्द्धवार्षिक परीक्षा आयोजित की गयी थी. वर्ग 1 और 2 का मौखिक मूल्यांकन विद्यालय स्तर पर संबंधित वर्ग शिक्षकों ने किया. वर्ग 3 के शारीरिक शिक्षा और कला विषय की जांच विद्यालय स्तर पर की जायेगी. इसी तरह वर्ग 6 से 8 के शारीरिक शिक्षा, व्यावसायिक शिक्षा, कंप्यूटर विज्ञान और कला विषय का मूल्यांकन भी विद्यालय स्तर पर होगा.

मूल्यांकन के साथ विद्यालयों में जारी रहेगा पठन-पाठन

संकुल संसाधन केंद्रों पर उत्तर-पुस्तिकाओं की जांच के दौरान विद्यालयों में पठन-पाठन का कार्य जारी रहेगा. मूल्यांकन कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के लिए केंद्रों पर परीक्षकों और संबंधित पदाधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गयी है.

उच्च माध्यमिक विद्यालय चंदौली-गंगौली केंद्र पर संचालक जमदार पंडित और समन्वयक राकेश कुमार सिंह की देखरेख में 20 परीक्षक उत्तर-पुस्तिकाओं की जांच कर रहे हैं. वहीं, उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय बढ़ेया में संचालक डॉ. राकेश कुमार पाण्डेय और समन्वयक रामाशंकर बैठा के मार्गदर्शन में मूल्यांकन कार्य चल रहा है.

निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति

मूल्यांकन कार्य में निष्पक्षता बनाये रखने के लिए प्रभारी प्रधानाध्यापक रमेश राम, प्रकाश कुमार, प्रधान परीक्षक रेम्पी कुमारी और अंजय कुमार साह को जिम्मेदारी दी गयी है. इनके साथ अजय कुमार, सैयद अंसारी, हृदयानंद सिंह, मंजेश कुमार सिंह, संजय कुमार पाठक, उमेश सिंह, कुमारी रागिनी शुक्ला, प्रेमशीला कुमारी, कुमारी शालिनी त्रिपाठी, अखिलेश कुमार, अभिषेक कुमार भारती, नमिता कुमारी, रिंकू कुमारी, धर्मेंद्र कुमार और तारकेश्वर यादव को भी प्रतिनियुक्त किया गया है.

मूल्यांकन पूरा होने के बाद प्राप्त परिणाम के आधार पर कमजोर विद्यार्थियों को चिह्नित किया जायेगा. इसके बाद उनकी शैक्षणिक जरूरत के अनुसार विशेष अध्ययन योजना तैयार कर उन्हें अतिरिक्त सहयोग दिया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनीष गिरि

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >