सीवान: रघुनाथपुर-सिसवन मार्ग पर अनियंत्रित कार ने बाइक और टेंपो को मारी टक्कर, बाइक सवार युवक की मौत; दो घायल, सड़क जाम

सीवान के रघुनाथपुर में कार और बाइक की भीषण टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि टेंपो सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Siwan News: जिले के रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के नेवारी गांव स्थित स्कूल के समीप रघुनाथपुर-सिसवन मुख्य मार्ग पर शुक्रवार की दोपहर करीब 3:00 बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई. तेज रफ्तार अनियंत्रित कार की टक्कर से बाइक सवार 30 वर्षीय युवक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि टेंपो पर सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए.

मृतक की पहचान सिसवन थाना क्षेत्र के सुभहाता गांव निवासी सत्यदेव सिंह के 30 वर्षीय पुत्र विनय कुमार सिंह के रूप में हुई है.

टेंपो खाई में पलटी, एक घायल सीवान रेफर

हादसे में घायल युवकों की पहचान मांझी थाना (सारण) क्षेत्र के चेफुल गांव निवासी राजेश साह के पुत्र देवांशु साह (25 वर्ष) और बिहारी प्रसाद के पुत्र संदेश कुमार (20 वर्ष) के रूप में की गई है.

स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) रघुनाथपुर पहुंचाया गया. वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद संदेश कुमार की नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सीवान सदर अस्पताल रेफर कर दिया.

अनियंत्रित कार ने बाइक और टेंपो को मारी जोरदार टक्कर

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विनय कुमार सिंह अपनी बाइक से और दोनों घायल युवक टेंपो पर सवार होकर रघुनाथपुर से सीवान की ओर जा रहे थे. इसी दौरान सिसवन की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार कार के चालक ने नेवारी मोड़ के पास नियंत्रण खो दिया. कार ने सामने से आ रही बाइक और टेंपो में सीधी टक्कर मार दी.

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गया और बाइक चला रहे विनय कुमार सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. हादसे के बाद कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.

आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर मांगा मुआवजा, पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने नेवारी मोड़ पर शव को सड़क पर रखकर रघुनाथपुर-सिसवन मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया. प्रदर्शनकारी पीड़ित परिवार के लिए उचित मुआवजे और दोषी चालक पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे.

सड़क जाम की सूचना मिलते ही रघुनाथपुर और सिसवन थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस पदाधिकारियों ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर और हर संभव प्रशासनिक सहायता का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया, जिसके बाद मुख्य मार्ग पर वाहनों का आवागमन सुचारू हो सका. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है.

Also Read: सीवान: किडनी मरीजों को बड़ी राहत, 3 महीने में 539 मरीजों के हुए 4339 डायलिसिस सेशन; महाराजगंज में भी 3 बेड की यूनिट शुरू


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By पंकज कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >