सीवान के हुसैनगंज जनसंवाद में उठीं बिजली-सड़क की समस्याएं, महावीरी मेला पर डीजे को लेकर एसपी सख्त

हुसैनगंज प्रखंड में जिलाधिकारी और एसपी ने जनप्रतिनिधियों के साथ जनसंवाद किया. बिजली, सड़क, नलकूप और खेल मैदान की समस्याओं पर चर्चा हुई. वहीं, महावीरी मेला में डीजे के प्रयोग पर एसपी ने सख्ती दिखाई.

Electricity-Road Problems: हुसैनगंज प्रखंड क्षेत्र में मंगलवार देर शाम जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा और एसपी भारत सोनी ने जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों के साथ जनसंवाद किया. इस दौरान डीएम ने जनप्रतिनिधियों से उनके क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं की जानकारी ली. जनप्रतिनिधियों ने बारी-बारी से अपनी पंचायतों की समस्याएं सामने रखीं और उनके शीघ्र समाधान की मांग की.

जनसंवाद के दौरान बिजली, सड़क, नलकूप और खेल मैदान से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठायी गयीं. जनप्रतिनिधियों ने कहा कि इन समस्याओं के कारण आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है. डीएम ने समस्याओं को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को समाधान की दिशा में कार्रवाई करने का निर्देश दिया.

जर्जर 11 हजार वोल्ट के तार और सड़क का उठा मुद्दा

पूर्वी हरिहांस पंचायत से जुड़ी बिजली और सड़क की समस्या जनसंवाद में प्रमुखता से उठी. मुखिया प्रतिनिधि कुमार अनूप ने 11 हजार वोल्ट के जर्जर तार को बदलने की मांग की. उन्होंने दलित बस्ती में सड़क निर्माण कराने का भी मुद्दा उठाया.

सरपंच प्रतिनिधि शम्भू सिंह ने बंद पड़े नलकूप को दोबारा चालू कराने की मांग रखी. उन्होंने कहा कि नलकूप के बंद रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

खेल मैदान और सड़क निर्माण की भी मांग

कांग्रेस नेता अलाउद्दीन अहमद ने हुसैनगंज में खेल मैदान उपलब्ध कराने की मांग की. इसके साथ ही उन्होंने हुसैनगंज से गोपालपुर तक सड़क निर्माण कराने का मुद्दा भी उठाया.

इसके अलावा अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपनी-अपनी पंचायतों की विभिन्न समस्याओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया और जल्द समाधान की मांग की.

बोले डीएम- बेहतर संवाद से समय पर होगा समस्याओं का समाधान

डीएम विजय प्रकाश मीणा ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को धरातल पर मजबूत करने में जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका है. प्रशासन भी लोकतंत्र का महत्वपूर्ण अंग है. जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों के बीच बेहतर संवाद बना रहना जरूरी है, ताकि आम लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान किया जा सके.

उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता से कार्रवाई करने का निर्देश दिया. डीएम ने कहा कि जनसंवाद में उठायी गयी समस्याओं की प्रोसिडिंग तैयार की जा रही है. जल्द ही संबंधित समस्याओं के समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

महावीरी मेला को लेकर एसपी ने कसा शिकंजा

आगामी महावीरी मेला को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर एसपी भारत सोनी ने भी आवश्यक निर्देश दिये. उन्होंने कहा कि मेला और जुलूस को लेकर लाइसेंसधारियों के साथ अलग से बैठक की जाएगी. बैठक में उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिये जाएंगे.

एसपी ने स्पष्ट किया कि मेला और जुलूस के दौरान डीजे के प्रयोग पर पूरी तरह रोक रहेगी. नियमों का उल्लंघन करने वाले लाइसेंसधारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी.

उन्होंने कहा कि पूर्व में भी नियमों का उल्लंघन करने के मामलों में कई लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है. एसपी ने सभी संबंधित लोगों से नियमों का पालन करते हुए महावीरी मेला को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने में सहयोग करने की अपील की.

इसे भी पढ़ें:  बिहार पुलिस को मिलेगा नया मुखिया, जानिए कौन-कौन से आईपीएस अधिकारी हैं मुख्य दावेदार

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >