Siwan News : बिहार के 38 सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीटेक (BTech) नामांकन प्रक्रिया सोमवार, 7 जुलाई से शुरू हो गई है. यह प्रवेश प्रक्रिया बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (BCECEB) द्वारा आयोजित अंडर ग्रेजुएट इंजीनियरिंग एडमिशन काउंसिलिंग (UGEAC)-2026 के तहत संचालित की जा रही है. पहले चरण का नामांकन 7 से 9 जुलाई तक होगा.
राज्य के सभी 38 सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों में इस वर्ष कुल 14,500 सीटों पर प्रवेश लिया जाएगा. यह संख्या पिछले वर्ष की 13,000 सीटों की तुलना में 1,500 अधिक है.
JEE Main 2026 की रैंक के आधार पर मिलेगा प्रवेश
राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, सीवान के प्राचार्य डॉ. सूर्यकांत सिंह ने बताया कि बीटेक में प्रवेश केवल JEE Main 2026 में प्राप्त रैंक के आधार पर दिया जा रहा है. जिन अभ्यर्थियों को सीट आवंटित हुई है, उन्हें निर्धारित समय के भीतर दस्तावेज सत्यापन और नामांकन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी.
उन्होंने बताया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर नामांकन नहीं कराने पर आवंटित सीट स्वतः निरस्त कर दी जाएगी.
38 सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों में इन शाखाओं में मिलेगा दाखिला
राज्य के सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों में इस बार कंप्यूटर साइंस, सिविल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स सहित कई आधुनिक इंजीनियरिंग शाखाओं में नामांकन होगा. अभ्यर्थियों को काउंसिलिंग से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने और समय-समय पर जारी होने वाली आधिकारिक सूचनाओं पर नजर रखने की सलाह दी गई है.
सीवान इंजीनियरिंग कॉलेज में 360 सीटों पर होगा नामांकन
राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, सीवान में इस वर्ष 360 सीटों पर बीटेक में दाखिला होगा. प्राचार्य डॉ. सूर्यकांत सिंह ने बताया कि पहले राउंड की काउंसिलिंग और नामांकन प्रक्रिया 7 से 9 जुलाई तक चलेगी.
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी छात्र को पहले राउंड में सीट आवंटित होने के बावजूद वह काउंसिलिंग में शामिल नहीं होता है, तो उसे अयोग्य घोषित कर दिया जाएगा और उसकी सीट रिक्त मान ली जाएगी.
पहले राउंड में सीट नहीं मिली तो 20 और 21 जुलाई को मिलेगा दूसरा मौका
जिन अभ्यर्थियों को पहले चरण में सीट आवंटित नहीं होगी, उन्हें 20 और 21 जुलाई को आयोजित होने वाले दूसरे राउंड की काउंसिलिंग का इंतजार करना होगा. ऐसे अभ्यर्थियों को अगली प्रक्रिया के लिए निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार भाग लेना होगा.
बायोमेट्रिक सत्यापन रहेगा अनिवार्य
नामांकन प्रक्रिया को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य किया गया है. छात्रों को बीसीईसीईबी या संबंधित संस्थान की वेबसाइट से जांच पर्ची डाउनलोड कर भरकर लानी होगी. इसमें नाम, पिता का नाम, JEE रोल नंबर और आधार से संबंधित जानकारी दर्ज करनी होगी.
इसके अलावा अभ्यर्थियों को अलग से बायोमेट्रिक सत्यापन फॉर्म भी भरना होगा, जिसमें ऑल इंडिया रैंक (AIR) और अन्य आवश्यक जानकारियां देनी होंगी. प्रशासन द्वारा शैक्षणिक योग्यता के साथ आयु, आवासीय पात्रता और स्वास्थ्य संबंधी औपचारिकताओं की भी जांच की जाएगी.
इन दस्तावेजों के बिना नहीं मिलेगा प्रवेश
काउंसिलिंग के दौरान अभ्यर्थियों को निम्नलिखित मूल दस्तावेज साथ लाने होंगे—
- मैट्रिक और इंटरमीडिएट की अंकतालिका, एडमिट कार्ड एवं मूल प्रमाणपत्र
- JEE Main 2026 का मूल स्कोर कार्ड और एडमिट कार्ड
- एडमिट कार्ड पर लगी फोटो की छह अतिरिक्त प्रतियां
- आवासीय प्रमाण पत्र
- चरित्र प्रमाण पत्र
- जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो)
- ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र (यदि लागू हो)
- दिव्यांगता प्रमाण पत्र (यदि लागू हो)
- अन्य आवश्यक दस्तावेज
दस्तावेजों की कमी या निर्धारित समय पर काउंसिलिंग में अनुपस्थित रहने की स्थिति में अभ्यर्थी का नामांकन रद्द किया जा सकता है इसलिए छात्रों को सभी आवश्यक दस्तावेज पहले से तैयार रखने और तय समय पर संस्थान में उपस्थित होने की सलाह दी गई है.
Also Read : पवित्र मास सावन में डाक विभाग की पहल, गया-जहानाबाद के शिव मंदिरों में मिलेगा शुद्ध गंगाजल
