Bihar Board APAAR ID : बिहार बोर्ड की आगामी 10वीं और 12वीं परीक्षा की तैयारी कर रहे हजारों छात्रों के लिए बड़ी खबर है. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने स्पष्ट कर दिया है कि यू-डायस (U-DISE+) और अपार (APAAR) आईडी के बिना बोर्ड परीक्षा का रजिस्ट्रेशन नहीं होगा. सीवान जिले में 7,086 छात्रों के पास अब तक आधार कार्ड नहीं होने के कारण उनका अपार आईडी नहीं बन सका है, जिससे उनकी परीक्षा पर संकट गहरा गया है.
7 हजार से ज्यादा छात्रों के पास नहीं है आधार कार्ड
जिले के 318 माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में कुल 1,15,119 छात्र नामांकित हैं. इनमें 1,08,033 छात्रों का अपार आईडी बन चुका है, जबकि 7,086 छात्र आधार कार्ड नहीं होने के कारण अब तक अपार आईडी से वंचित हैं. यह आंकड़ा 1 जुलाई 2026 तक का है.
50 हजार छात्रों का डेटा अब भी U-DISE पोर्टल पर नहीं
स्थिति और गंभीर इसलिए भी है क्योंकि नौवीं और 11वीं कक्षा के करीब 50 हजार छात्रों का डेटा अभी तक यू-डायस पोर्टल पर इंपोर्ट नहीं किया गया है. यदि इन छात्रों को भी जोड़ दिया जाए तो प्रभावित विद्यार्थियों की संख्या काफी बढ़ सकती है.
बिना U-DISE और APAAR ID नहीं होगा परीक्षा रजिस्ट्रेशन
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने निर्देश जारी कर स्पष्ट किया है कि पंजीकरण, सूचीकरण और परीक्षा आवेदन के दौरान विद्यालय के यू-डायस प्लस कोड के साथ छात्र-छात्राओं का अपार आईडी दर्ज करना अनिवार्य होगा. इसके बिना भविष्य में बोर्ड परीक्षा की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकेगी.
शिक्षा मंत्रालय ने पहले ही तय की थी समय सीमा
शिक्षा मंत्रालय ने सभी विद्यार्थियों का अपार आईडी बनाने के लिए 30 जून 2026 की समय सीमा निर्धारित की थी, ताकि प्रत्येक छात्र का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जा सके. हालांकि कई जिलों में यह लक्ष्य अभी तक पूरा नहीं हो पाया है.
डीएम और डीईओ को दिए गए सख्त निर्देश
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने जिलाधिकारी और जिला शिक्षा पदाधिकारी को अपार आईडी निर्माण में तेजी लाने का निर्देश दिया है. सभी सरकारी, गैर सरकारी, अनुदानित, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों के साथ बैठक कर लंबित मामलों का जल्द निपटारा करने को कहा गया है.
परीक्षा से पहले अपडेट होंगे सभी ऑनलाइन फॉर्म
समिति ने यह भी स्पष्ट किया है कि परीक्षा से जुड़े सभी ऑनलाइन फॉर्म अपडेट किए जाएंगे, जिनमें यू-डायस प्लस कोड और अपार आईडी भरना अनिवार्य रहेगा.
Bihar Board 2027: डीईओ ने अभिभावकों और छात्रों से की अपील
जिला शिक्षा पदाधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि सभी विद्यालयों को आवश्यक निर्देश जारी किए जा रहे हैं. उन्होंने विद्यालय प्रबंधन, अभिभावकों और विद्यार्थियों से अपील की कि समय रहते अपार आईडी बनवाएं, ताकि परीक्षा पंजीकरण में किसी प्रकार की परेशानी न हो.
