जेपीयू ने बढ़ाई बीएड द्वितीय वर्ष परीक्षा फॉर्म जमा करने की तिथि, अब 20 जुलाई तक होगा आवेदन

जेपी प्रकाश विश्वविद्यालय (जेपीयू) ने बीएड द्वितीय वर्ष (सत्र 2024-26) परीक्षा-2026 के परीक्षा प्रपत्र जमा करने की तिथि बढ़ा दी है. छात्रों को अब 20 जुलाई तक का मौका मिलेगा. यह निर्णय बैंक की तकनीकी गड़बड़ी के कारण लिया गया है.

Siwan News: जयप्रकाश विश्वविद्यालय (जेपीयू) ने बीएड द्वितीय वर्ष (सत्र 2024-26) परीक्षा-2026 के परीक्षा प्रपत्र जमा करने की तिथि विस्तारित कर दी है. विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि 10 जुलाई को जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, ऑनलाइन परीक्षा शुल्क जमा करने में बैंक की तकनीकी गड़बड़ी के कारण विद्यार्थियों को काफी परेशानी हो रही थी. छात्रों के व्यापक हित को देखते हुए कुलपति ने तिथि बढ़ाने का यह संवेदनशील निर्णय लिया है.

20 जुलाई तक मिला मौका

विश्वविद्यालय द्वारा जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, पूर्व में परीक्षा प्रपत्र भरने की समय-सीमा 6 जुलाई से 14 जुलाई तक निर्धारित की गई थी. इस समय-सीमा में संशोधन करते हुए अब विद्यार्थियों को अतिरिक्त समय दिया गया है. अब बीएड के सभी संबंधित विद्यार्थी अपने पूर्ण रूप से भरे परीक्षा प्रपत्र एवं सभी आवश्यक शैक्षणिक दस्तावेज संबंधित महाविद्यालय काउंटर पर आगामी 20 जुलाई तक अनिवार्य रूप से जमा कर सकेंगे.

महाविद्यालयों को सख्त निर्देश जारी

इसके साथ ही विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी बीएड संबद्ध महाविद्यालयों को कड़ा निर्देश दिया है कि वे अपने स्तर से विद्यार्थियों के प्राप्त परीक्षा प्रपत्रों, समेकित सूची (कंसोलिडेटेड लिस्ट) तथा डेटा वाले पेन ड्राइव को विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग में 22 जुलाई तक हर हाल में जमा करना सुनिश्चित करें. इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या अनावश्यक विलंब को स्वीकार नहीं किया जाएगा.

त्रुटि सुधार को दी प्राथमिकता

विश्वविद्यालय ने गाइडलाइन जारी कर कहा है कि महाविद्यालय के प्राचार्य अथवा उनके द्वारा अधिकृत परीक्षा प्रभारी निर्धारित अवधि में ऑनलाइन परीक्षा प्रपत्रों का सघन भौतिक सत्यापन अवश्य करें. सत्यापन के दौरान यदि किसी भी अभ्यर्थी के नाम, माता-पिता के नाम, जन्मतिथि, विषय, परीक्षा क्रमांक अथवा पंजीयन संख्या आदि में किसी प्रकार की मानवीय या लिपिकीय त्रुटि मिलती है, तो उसे ऑनलाइन पोर्टल पर समय रहते ठीक कर लिया जाए.

त्रुटिरहित जारी होंगे प्रवेश पत्र

परीक्षा नियंत्रक ने स्पष्ट किया है कि समय पर पोर्टल पर किए गए सुधारों के आधार पर ही सभी विद्यार्थियों के त्रुटिरहित प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) जारी किए जा सकेंगे. यदि एडमिट कार्ड में कोई गड़बड़ी रह जाती है, तो इसके लिए संबंधित कॉलेज प्रशासन को जवाबदेह माना जाएगा. विश्वविद्यालय मुख्यालय ने इस पूरे परीक्षा फॉर्म सत्यापन कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर ससमय निष्पादित करने का कड़ा निर्देश दिया है.

Also Read: सीवान के जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा 6 प्रवेश के लिए आवेदन शुरू, 31 जुलाई तक मौका


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Jitendra upadhyay

Published by: Vikash Jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >