BBOSE Exam Date 2026: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड (BBOSE) की जून 2026 माध्यमिक और उच्च माध्यमिक परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोनों परीक्षाएं 30 जुलाई से शुरू होंगी. माध्यमिक (10वीं) की परीक्षा 10 अगस्त तक चलेगी, जबकि उच्च माध्यमिक (12वीं) की सैद्धांतिक परीक्षा 14 अगस्त तक आयोजित की जाएगी.
दो पालियों में होगी परीक्षा
समिति के अनुसार परीक्षाएं प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जाएंगी. पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक होगी. प्रत्येक पाली में परीक्षार्थियों को प्रश्नपत्र पढ़ने और समझने के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त समय मिलेगा.
समय पर पहुंचना होगा अनिवार्य
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने स्पष्ट किया है कि पहली पाली के अभ्यर्थियों को सुबह 9:00 बजे तक और दूसरी पाली के अभ्यर्थियों को दोपहर 1:30 बजे तक परीक्षा केंद्र में प्रवेश करना होगा. निर्धारित समय के बाद किसी भी परीक्षार्थी को केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी.
विशेष आवश्यकता वाले परीक्षार्थियों के लिए सुविधा
समिति ने विशेष आवश्यकता वाले परीक्षार्थियों के लिए भी आवश्यक व्यवस्था की है. स्वयं लिखने में असमर्थ अभ्यर्थियों को जिला शिक्षा पदाधिकारी की पूर्व अनुमति के आधार पर लेखक (स्क्राइब) की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी. ऐसे अभ्यर्थियों को प्रत्येक घंटे के लिए 20 मिनट अतिरिक्त समय भी दिया जाएगा.
समिति ने जारी की अपील
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने सभी अभ्यर्थियों से परीक्षा तिथि, समय और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा समय से परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की है. इससे परीक्षा का संचालन सुचारु और व्यवस्थित ढंग से किया जा सकेगा.
Also Read : हाजीपुर में चकसिकंदर बाजार से SBI का ATM उखाड़ ले गए बदमाश, कुछ घंटों में बरामद हुई मशीन
