सीवान में सिंगल सड़क और धंसी पटरियां बन रहीं हादसों की वजह, चौड़ीकरण की मांग फिर हुई तेज

बड़हरिया-तरवारा मेन रोड की जर्जर हालत और धंसी हुई पटरियों के कारण आए दिन हो रहे सड़क हादसे। जानें क्यों यह रास्ता राहगीरों के लिए बना जानलेवा खतरा।

बड़हरिया बाजार को गोपालगंज, तरवारा और जामो से जोड़ने वाली मुख्य सड़कों का अब तक चौड़ीकरण नहीं हो सका है. इसका खामियाजा क्षेत्रवासियों को आए दिन सड़क हादसों और जाम के रूप में भुगतना पड़ रहा है. वर्षों से बड़हरिया-तरवारा और बड़हरिया-गोपालगंज मुख्य मार्ग के चौड़ीकरण की मांग उठती रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई.

बरसात में धंसी पटरियां बन रहीं जानलेवा

बरसात के मौसम में सड़क के दोनों किनारों की पटरियां धंस जाने से स्थिति और गंभीर हो जाती है. सड़क कई जगहों पर वन-वे जैसी हो जाती है, जिससे बड़े वाहन गुजरने के दौरान दोपहिया वाहन चालकों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है. फिसलन और धंसाव के कारण बाइक सवारों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा भी बढ़ गया है.

भारी वाहनों से बिगड़ रही सड़क की हालत

स्थानीय लोगों के अनुसार बड़हरिया-तरवारा मार्ग पर ट्रकों की लगातार आवाजाही से सड़क की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है. सड़क किनारे की पटरियां कमजोर होकर धंस चुकी हैं. ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों को सड़क से नीचे उतरने में संतुलन बिगड़ने और बड़े वाहनों की चपेट में आने का डर बना रहता है. इसके कारण कई बार जाम जैसी स्थिति भी उत्पन्न हो जाती है.

गोपालगंज तक चौड़ी सड़क, सीवान सीमा में अब भी सिंगल रोड

बड़हरिया-तरवारा मार्ग गोपालगंज-महाराजगंज मुख्य सड़क का हिस्सा है. गोपालगंज जिले की सीमा तक सड़क का चौड़ीकरण हो चुका है, लेकिन सीवान जिले के पड़वा मठिया से तरवारा तक सड़क आज भी सिंगल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की उदासीनता के कारण यह मार्ग वर्षों से बदहाल बना हुआ है.

क्षेत्रवासियों ने चौड़ीकरण की मांग दोहराई

स्थानीय लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से बड़हरिया-तरवारा मुख्य मार्ग का जल्द चौड़ीकरण कराने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि समय रहते सड़क का विस्तार नहीं कराया गया तो बरसात के मौसम में हादसों की संख्या और बढ़ सकती है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >