सीवान: पुलिस टीम पर हमला और फायरिंग करने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपित ललन सिंह उर्फ ललन चौबे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
महरौनी घाट पर फरवरी में हुई थी घटना
पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा ने बताया कि 17 फरवरी 2026 को दरौली थाना क्षेत्र के महरौनी घाट पर दरौली थाना पुलिस और मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम शराब के खिलाफ छापेमारी अभियान चला रही थी.
इसी दौरान कुछ शराब माफियाओं ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया और फायरिंग शुरू कर दी थी. घटना के बाद दरौली थाना में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई.
तकनीकी जांच के आधार पर पहले तीन आरोपी हुए थे गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर इस मामले में पहले दिलीप बीन और मेहता बीन को 18 फरवरी 2026 को गिरफ्तार किया गया था. इसके बाद विक्रम बीन को 6 मई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था.
संठी गांव से पकड़ा गया ललन सिंह
मामले की आगे की जांच के दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के संठी गांव निवासी ललन सिंह उर्फ ललन चौबे को 8 जुलाई को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस ने बताया कि इसी कांड के एक अन्य आरोपी प्रकाश उपाध्याय को भी 8 जुलाई को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है.
अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
पुलिस का कहना है कि मामले में पूछताछ और अनुसंधान जारी है. घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
इस कार्रवाई में दरौली थाना के अपर थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
