ट्रैक्टर की रोटरी में फंसने से 12 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत, परिजनों का रो रो कर बुराहाल

सीवान के दरौंदा में खेत की जुताई के दौरान ट्रैक्टर की रोटरी में फंसने से 12 वर्षीय अनीश कुमार की दर्दनाक मौत हो गई। परिवार में मातम का माहौल है।

प्रतिनिधि, दरौंदा. थाना क्षेत्र के गोरौली गांव में गुरुवार की दोपहर खेत की जुताई के दौरान एक हादसे में 12 वर्षीय किशोर की मौत हो गई. मृतक की पहचान गांव निवासी सुभाष महतो के 12 वर्षीय पुत्र अनीश कुमार के रूप में हुई है. बताया जाता है कि अनीश खेत में ट्रैक्टर से जुताई कराने गया था. वह ट्रैक्टर पर बैठाB था. इसी दौरान वह असंतुलित होकर ट्रैक्टर से नीचे गिर गया और रोटरी की चपेट में आ गया. हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए. घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची. इसके बाद दरौंदा थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह तथा डायल 112 के एसआई योगेंद्र तिवारी पुलिस बल के साथ पहुंचे एवं मामले की जांच किए. हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों को पुलिस अधिकारियों ने सूझबूझ और समझौता के साथ शांत कराया तथा स्थिति को नियंत्रित किया. मृतक अनीश दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था. उसके छोटे भाई सतीश कुमार (6 वर्ष) और बहन संजल कुमारी (7 वर्ष) हैं. दादा मोहन महतो (70 वर्ष) और मां ज्योति देवी का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं पिता सुभाष महतो परिवार के भरण-पोषण के लिए केरल में पेंटर का काम करते हैं. बेटे की मौत की सूचना मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. गांव में मातम का माहौल है. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सीवान भेज दिया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Ravindra Kumar

Published by: Janardan Pandey

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >