Siwan News : एनीमिया मुक्त अभियान के तहत सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आंदर में स्वास्थ्यकर्मियों के लिए हीमोग्लोबिन जांच कैंप आयोजित किया गया. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दीपक कुमार विश्वकर्मा की अध्यक्षता में आयोजित कैंप में चिकित्सकों से लेकर एएनएम, आशा, सफाईकर्मियों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने अपनी हीमोग्लोबिन जांच करायी. कुल 112 स्वास्थ्यकर्मियों की जांच में 33 कर्मियों में एनीमिया पाया गया.
जांच में 79 स्वास्थ्यकर्मी मिले सामान्य
जांच रिपोर्ट के अनुसार 112 में से 79 स्वास्थ्यकर्मी सामान्य पाए गए. वहीं 24 कर्मियों में हल्का एनीमिया, आठ में मध्यम एनीमिया और एक स्वास्थ्यकर्मी में गंभीर एनीमिया की पुष्टि हुई. एनीमिया पाए गए कर्मियों को चिकित्सकीय सलाह के साथ आयरन की दवा दी गयी. साथ ही खान-पान में सुधार और पौष्टिक आहार लेने की सलाह दी गयी.
25 अगस्त से 30 नवंबर तक चलेगा अभियान
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एवं पोषण अभियान के तहत एनीमिया मुक्त अभियान 25 अगस्त से 30 नवंबर तक चलाया जा रहा है. ‘रक्त की जांच, स्वस्थ जीवन की पहचान’ संदेश के साथ लोगों को एनीमिया के प्रति जागरूक करना अभियान का मुख्य उद्देश्य है. इसके तहत टी-4 रणनीति यानी टेस्ट, ट्रीट, टॉक और ट्रैक को अपनाया गया है.
स्वास्थ्यकर्मी खुद जागरूक होंगे तो समुदाय को भी करेंगे जागरूक
अभियान के पहले चरण में स्वास्थ्य विभाग अपने कर्मियों की जांच कर उन्हें एनीमिया के प्रति जागरूक कर रहा है. स्वास्थ्यकर्मियों का कहना है कि जब वे खुद एनीमिया के प्रति जागरूक होंगे, तो गर्भवती महिलाओं, किशोरियों और बच्चों को खून की कमी से बचाने के लिए समुदाय में बेहतर तरीके से जागरूकता फैला सकेंगे.
समय पर जांच और उपचार से एनीमिया पर पाया जा सकता है नियंत्रण
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दीपक कुमार विश्वकर्मा ने कहा कि एनीमिया को केवल कमजोरी की समस्या समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. समय पर जांच और उपचार से इसे नियंत्रित किया जा सकता है. अभियान के दौरान एनीमिया से प्रभावित लोगों को उपचार उपलब्ध कराने के साथ खान-पान और जीवनशैली में सुधार के लिए भी जागरूक किया जाएगा.
कैंप में ये स्वास्थ्यकर्मी रहे मौजूद
कैंप के दौरान प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक अरविंद कुमार राय, मधुरेंद्र कुमार, प्रीतम कुमार, डॉ. रानी कुमारी, डॉ. गुंजन कुमार, पार्वती कुमारी, रूपम कुमारी, पूनम कुमारी, योगेंद्र राम सहित दर्जनों स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे.
