सीतामढ़ी: अश्लील गाना बजाने पर टोका तो युवक को मारी गोली, दो भाई गिरफ्तार

सीतामढ़ी के रून्नीसैदपुर थाना क्षेत्र में तेज आवाज में अश्लील भोजपुरी गाना बजाने का विरोध करने पर एक युवक को गोली मार दी गई. गंभीर रूप से घायल युवक का इलाज मुजफ्फरपुर में चल रहा है. पुलिस ने मामले में दो आरोपी भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है. पढ़ें पूरी खबर…

सीतामढ़ी से राकेश कुमार राज और रून्नीसैदपुर से राकेश कुमार सिंह की रिपोर्ट

Sitamarhi News: रून्नीसैदपुर थाना क्षेत्र के रायपुर मधौल गांव में तेज आवाज में अश्लील भोजपुरी गाना बजाने का विरोध करना एक युवक को महंगा पड़ गया. विरोध करने पर दो भाइयों ने युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया. घायल युवक का इलाज मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है.

सीने में लगी गोली, हालत गंभीर

घायल की पहचान रायपुर मधौल निवासी राम गणेश राय के पुत्र धर्मेंद्र कुमार के रूप में हुई है. गोली उसके सीने के बाएं हिस्से में लगी है. चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है.

गाना बजाने को लेकर हुआ विवाद

पीड़ित के पिता राम गणेश राय ने थाने में दर्ज प्राथमिकी में गांव के संजय राय के पुत्र छोटू कुमार और रौशन कुमार को नामजद आरोपी बनाया है.

आवेदन में कहा गया है कि रौशन कुमार ऑटो में तेज आवाज में अश्लील भोजपुरी गाना बजा रहा था. धर्मेंद्र कुमार ने इसका विरोध किया तो दोनों भाई उसके घर पहुंच गए और मारपीट करने के साथ धमकी देकर चले गए.

रात में घात लगाकर किया हमला

परिजनों के अनुसार रात करीब नौ बजे धर्मेंद्र घर से बाहर निकला. इसी दौरान पहले से घात लगाए दोनों भाइयों ने उस पर फिर हमला कर दिया. मारपीट के दौरान छोटू कुमार ने जेब से हथियार निकालकर धर्मेंद्र के सीने में गोली मार दी और दोनों मौके से फरार हो गए.

गोली लगने के बाद धर्मेंद्र ने शोर मचाकर परिजनों को घटना की जानकारी दी. इसके बाद उसे तत्काल मुजफ्फरपुर ले जाकर भर्ती कराया गया.

दोनों आरोपी गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार घटना के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों छोटू कुमार और रौशन कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है.

पुलिस ने उनके पास से घटना में प्रयुक्त पेन जैसा दिखने वाला हथियार और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं. दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >