सुरसंड. संध्या गश्ती पर निकली स्थानीय पुलिस ने मंगलवार को इंडो-नेपाल बॉर्डर पर स्थित बाबा वाल्मीकेश्वर महादेव मठ के समीप से चोरी की बाइक के साथ एक युवक को गिरफ्तार कर लिया. जबकि बाइक पर पीछे बैठा एक युवक पुलिस को देखते ही कूदकर भाग निकला. पकड़े गए युवक की पहचान सुरसंड नगर पंचायत वार्ड संख्या 16 निवासी मो नौशाद अंसारी के पुत्र मकसूद अंसारी के रूप में हुई है. जबकि फरार हुआ युवक सुरसंड बाजार निवासी मो जलाउद्दीन अंसारी का पुत्र परवेज आलम बताया गया है. थानाध्यक्ष लालकिशोर गुप्ता ने बताया कि पुअनि चंद्रभूषण सिन्हा के नेतृत्व में बरामद बाइक(बीआर 30डब्ल्यू 4969) को जब्त कर दोनों आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करते हुए गिरफ्तार मकसूद को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
सुरसंड. नगर पंचायत में मंगलवार की रात नाबालिग लड़की के घर मिलने गए एक प्रेमी युवक को परिजन ने पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया. गिरफ्तार युवक की पहचान सुरसंड नगर पंचायत वार्ड संख्या आठ निवासी प्रेम साह के पुत्र राहुल कुमार के रूप में हुई है. इस मामले में नाबालिग लड़की की मां ने आरोपी युवक के विरुद्ध थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है. थानाध्यक्ष लालकिशोर गुप्ता ने बताया कि प्रशिक्षु पुअनि अभिजीत सिंह के नेतृत्व में गिरफ्तार युवक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
