सीतामढ़ी: धनहरा गांव में आधा दर्जन घरों को बनाया निशाना, लाखों की संपत्ति साफ

Sitamarhi News: रून्नीसैदपुर के धनहरा गांव में रविवार रात चोरों ने आधा दर्जन घरों को निशाना बनाया . चोर लाखों के जेवरात और कीमती सामान समेट ले गए और खाली बक्से खेतों में फेंक दिए . पुलिस आवेदन मिलने का इंतजार कर रही है .पढ़ें पूरी खबर…

Sitamarhi News: रून्नीसैदपुर के गाढ़ा थाना क्षेत्र की कौड़ियालालपुर पंचायत के धनहरा गांव में रविवार की रात अज्ञात चोरों ने जमकर उत्पात मचाया . बेखौफ चोरों ने एक ही रात में करीब आधा दर्जन घरों में चोरी की वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया . इस घटना के बाद से पूरे इलाके के ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश का माहौल है . चोरों ने मुख्य रूप से रामनाथ राय, सुरेन्द्र राय, अवधेश राय, रंजीत राय, कैलाश राय और शंभु यादव के घरों को अपना निशाना बनाया .

बक्से तोड़कर जेवर-कैश उड़ाए, घर के पीछे खेतों में फेंकी खाली पेटियां

मिली जानकारी के अनुसार, चोर कुछ घरों में पूरी तरह हाथ साफ करने में कामयाब रहे . इनमें रामनाथ राय और सुरेन्द्र राय के घर शामिल हैं . चोरों ने इन घरों से सोने-चांदी के कीमती आभूषण, महंगे कपड़े, मोबाइल फोन और भारी मात्रा में अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया . वारदात को अंजाम देने के बाद शातिर चोरों ने कीमती सामान निकाल लिया और खाली पेटी व बक्से को पीड़ितों के घरों के पीछे खेतों में फेंक कर फरार हो गए . सोमवार की सुबह जब ग्रामीणों ने खेतों में बक्से बिखरे देखे, तब जाकर घटना का खुलासा हुआ .

इलाके में दहशत, पुलिस चौकन्नी 

इस घटना से रून्नीसैदपुर सहित इसके आसपास के इलाके में दहशत है. लोग रतजगा कर रहें हैं. वहीं, पुलिस भी चौकन्नी हो गयी है. गाढ़ा थानाध्यक्ष  सोनी कुमारी ने बताया कि पीड़ित परिवारों की ओर से अब तक थाने में कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है . इस वजह से फिलहाल प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी है . जैसे ही पीड़ित पक्ष से आवेदन प्राप्त होगा, पुलिस तुरंत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू करेगी.

सीतामढ़ी से अमिताभ कुमार की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >