सीतामढ़ी से अमिताभ कुमार की रिपोर्ट
Sitamarhi News: नेपाल सीमा से सटे सीतामढ़ी जिले के सोनबरसा प्रखंड में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब घुरघुरा रामनगर गांव के एक पोखर से बड़ी संख्या में वोटर आईडी कार्ड बरामद हुए. लावारिश हालत में मिले इन पहचान पत्रों को देखकर ग्रामीण भी हैरान रह गए. मामला सामने आने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं और लोग प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं.
बच्चों की नजर पड़ी तो खुला मामला
जानकारी के मुताबिक, गांव के दो बच्चे पोखर में घोंघा चुनने के लिए उतरे थे. इसी दौरान उन्होंने पानी में तैरते हुए वोटर आईडी कार्ड देखे. बच्चों ने तुरंत इसकी सूचना गांव वालों को दी. इसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पोखर से कई वोटर आईडी कार्ड बाहर निकाले.
नेपाल सीमा के करीब होने से बढ़ी चिंता
घुरघुरा रामनगर गांव नेपाल सीमा से काफी नजदीक है. ऐसे में बड़ी संख्या में वोटर आईडी कार्ड का इस तरह पोखर में मिलना लोगों के बीच चिंता का विषय बन गया है. ग्रामीणों का कहना है कि यह जांच का गंभीर मामला है कि आखिर ये कार्ड किन लोगों के हैं और इन्हें यहां क्यों फेंका गया.
प्रशासनिक व्यवस्था पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि चुनाव से जुड़े इतने महत्वपूर्ण दस्तावेजों का लावारिश हालत में मिलना बेहद गंभीर मामला है. ग्रामीणों ने प्रशासन को इसकी सूचना दे दी है, लेकिन खबर लिखे जाने तक अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था.
इलाके में चर्चा और आक्रोश
घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है. कई लोग इसे प्रशासनिक लापरवाही बता रहे हैं, तो कुछ लोग इसकी निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि मामले की सच्चाई सामने आनी चाहिए ताकि लोगों का भरोसा बना रहे.
