छठ से पहले बदलेगी वैदेही पोखर की तस्वीर, कचरा-प्लास्टिक और जलकुंभी हटाने में जुटे स्वयंसेवक

छठ पूजा के महापर्व को देखते हुए सीतामढ़ी के ऐतिहासिक वैदेही पोखर में विशेष सफाई अभियान चलाया गया. स्वच्छता प्रहरी फाउंडेशन और नगर निगम की टीम ने मिलकर पोखर को साफ किया, ताकि छठ व्रतियों को अर्घ्य देने के लिए एक स्वच्छ वातावरण मिल सके.

Sitamarhi News: सीतामढ़ी. लोक आस्था के महापर्व छठ को देखते हुए रविवार को शहर के ऐतिहासिक वैदेही पोखर में विशेष सफाई अभियान चलाया गया. स्वच्छता प्रहरी फाउंडेशन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने पोखर परिसर में सफाई कर बड़ी मात्रा में कचरा, प्लास्टिक अपशिष्ट और जलकुंभी हटायी. अभियान का उद्देश्य छठ व्रतियों के लिए प्रमुख जलाशय को स्वच्छ, सुंदर और अर्घ्य देने योग्य बनाना है.

अभियान का नेतृत्व स्वच्छता प्रहरी फाउंडेशन के संस्थापक सौरभ सिन्हा और निदेशक गौरव कुमार सुमन ने किया. फाउंडेशन के स्वयंसेवकों और नगर निगम के स्वच्छता कर्मियों ने मिलकर पोखर के विभिन्न हिस्सों में सफाई की. पोखर का क्षेत्रफल बड़ा होने के कारण अभियान अगले दो से तीन दिनों तक जारी रहने की बात कही गयी है.

वैदेही पोखर में कचरा और जलकुंभी हटायी गयी

सफाई अभियान के दौरान टीम ने पोखर परिसर और जलाशय के आसपास जमा कचरे को हटाया. प्लास्टिक अपशिष्ट के साथ बड़ी मात्रा में जलकुंभी भी निकाली गयी.

फाउंडेशन के संस्थापक सौरभ सिन्हा ने बताया कि वैदेही पोखर के एक हिस्से की गहन सफाई पूरी कर ली गयी है. पोखर का क्षेत्रफल बड़ा होने के कारण पूरी सफाई में अभी दो से तीन दिन और लग सकते हैं.

छठ व्रतियों के लिए तैयार किया जा रहा पोखर

छठ पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पोखर और जलाशयों पर अर्घ्य देने पहुंचते हैं. इसे देखते हुए सफाई अभियान के जरिए वैदेही पोखर को स्वच्छ बनाने पर जोर दिया जा रहा है.

सफाई के साथ पोखर परिसर को व्यवस्थित रखने और छठ व्रतियों के लिए बेहतर वातावरण तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है. नगर निगम के स्वच्छता कर्मियों ने भी अभियान में हिस्सा लिया.

हर रविवार शहर के अलग-अलग पोखरों में अभियान

स्वच्छता प्रहरी फाउंडेशन के निदेशक गौरव कुमार सुमन ने बताया कि छठ पूजा को ध्यान में रखते हुए संस्था की ओर से प्रत्येक रविवार शहर के अलग-अलग पोखरों में सफाई और जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है.

इससे पहले रघुनाथ झा कॉलेज स्थित पोखर और बाजार समिति परिसर स्थित पोखर में भी सफाई अभियान चलाया जा चुका है. संस्था का उद्देश्य शहर के प्रमुख जलस्रोतों को स्वच्छ रखने के साथ लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करना है.

वैदेही पोखर की सफाई में जुटे संस्था व नगर निगम के लोग.

छह महीने से लखनदेई नदी की सफाई पर काम

स्वच्छता प्रहरी फाउंडेशन की ओर से पिछले छह महीनों से लखनदेई नदी की स्वच्छता और संरक्षण को लेकर भी लगातार अभियान चलाया जा रहा है.

संस्था के स्वयंसेवक प्रत्येक रविवार सुबह क्लीनअप ड्राइव के माध्यम से जलस्रोतों की सफाई करते हैं. इसके साथ ही लोगों को नदियों और पोखरों में कचरा नहीं डालने तथा जलस्रोतों को स्वच्छ रखने के लिए जागरूक किया जाता है.

स्वयंसेवकों और नगर निगम कर्मियों ने निभायी भूमिका

वैदेही पोखर में रविवार को चले अभियान में फाउंडेशन के सदस्य सत्यम, हर्ष, राहुल, नीतीश, हिमांशु, रितेश, मौसम, मनीष, राजू, सुशांत, शिवम, सुंदरम, आदित्य और सम्राट समेत अन्य स्वयंसेवक शामिल रहे.

स्वच्छता प्रहरी फाउंडेशन ने नगर निगम और अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर शहर के जलस्रोतों की सफाई और संरक्षण से जुड़े अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रतिकांत झा

रतिकांत पिछले करीब 17 वर्षों से पत्रकारिता में निरंतर कार्यरत हैं. उन्हें राजनीति, धर्म-अध्यात्म, पर्व-त्योहार, अपराध, सामाजिक सरोकार, शिक्षा, स्वास्थ्य और सरकारी योजनाओं जैसे बहुआयामी विषयों पर लगातार सटीक रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव प्राप्त है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >