Sitamarhi News: सीतामढ़ी. शहर के श्री राधा कृष्ण गोयनका महाविद्यालय स्थित मौलाना आजाद नेशनल उर्दू यूनिवर्सिटी (MANUU) के दूरस्थ शिक्षा अध्ययन केंद्र में विभिन्न पाठ्यक्रमों में नामांकन शुरू हो गया है. इच्छुक विद्यार्थी 10 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं. नामांकन प्रक्रिया की जानकारी देने और ऑनलाइन आवेदन में सहयोग के लिए केंद्र की ओर से नामांकन सहयोग शिविर भी आयोजित किया जा रहा है.
SC-ST, EWS व महिला विद्यार्थियों को शुल्क में विशेष छूट
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. ओम प्रकाश राय ने बताया कि मौलाना आजाद नेशनल उर्दू यूनिवर्सिटी एक केंद्रीय विश्वविद्यालय है. यहां SC, ST, EWS और महिला शिक्षार्थियों को शुल्क में विशेष छूट दी जाती है.
केंद्र के समन्वयक प्रो. मो. सनाउल्लाह ने बताया कि विभिन्न पाठ्यक्रमों में नामांकन की अंतिम तिथि 10 सितंबर निर्धारित की गयी है.
चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम भी शुरू
केंद्र के समन्वयक ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप विश्वविद्यालय ने चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम शुरू किया है. सेमेस्टर प्रणाली पर आधारित इस पाठ्यक्रम में विद्यार्थियों को पारंपरिक विषयों के साथ व्यावसायिक शिक्षा का अवसर भी मिलता है.
बीए और एमए पाठ्यक्रम अन्य विश्वविद्यालयों की तुलना में कम शुल्क में उपलब्ध हैं. महिला विद्यार्थियों को अतिरिक्त शुल्क छूट भी दी जाती है.
इन पाठ्यक्रमों में होगा नामांकन
इस वर्ष स्नातकोत्तर स्तर पर एमए उर्दू, हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, अरबी और इस्लामिक स्टडी में नामांकन होगा. इसके अलावा बीए, बीएससी, बीकॉम, पत्रकारिता एवं जनसंचार में डिप्लोमा, फंक्शनल इंग्लिश और अंग्रेजी माध्यम से उर्दू में दक्षता के प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम में भी नामांकन लिया जाएगा.
MBA और BEd में प्रवेश परीक्षा के अंकों के आधार पर नामांकन
MBA और BEd पाठ्यक्रम में प्रवेश परीक्षा के अंकों के आधार पर नामांकन होगा. अन्य पाठ्यक्रमों के लिए विश्वविद्यालय की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन किया जा सकेगा. आवेदन और शुल्क जमा करने की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी.
अध्ययन सामग्री नि:शुल्क, इसी केंद्र पर होगी परीक्षा
नामांकित विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएगी. साथ ही परीक्षाएं भी इसी अध्ययन केंद्र पर आयोजित की जाएंगी. विद्यार्थियों को नामांकन प्रक्रिया में सहायता उपलब्ध कराने के लिए केंद्र की ओर से नामांकन सहयोग शिविर लगाया जा रहा है.
यह भी पढ़ें: 7,194 एकड़ में 716.91 एकड़ जमीन गायब! बेतिया राज की जमीन खोजने में जुटा प्रशासन
