परिहार(सीतामढ़ी). थाना क्षेत्र के जब्दी गांव में बुधवार की सुबह तालाब में डूबने से दो सहोदर भाई की मौत हो गयी. घटना के बाद जब्दी गांव के साथ ही रून्नीसैदपुर के महिंदवारा में भी मातम पसर गया. मृतक की पहचान रुन्नीसैदपुर के महिंदवारा निवासी सुशील सहनी के आठ वर्षीय पुत्र चंदन कुमार एवं छह वर्षीय पुत्र नंदन कुमार के रूप में हुई है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सीतामढ़ी भेज दिया है. जानकारी के मुताबिक, सुशील जब्दी गांव में एक किराए के मकान में परिवार समेत रहता है. सुशील यहां कबाड़ का काम करता है. बुधवार की सुबह सुशील फेरी के लिए निकला था. उसकी पत्नी घर में खाना बना रही थी. दोनों बच्चे घर से शौच के लिए निकले, लेकिन देर तक नहीं लौटे. जब्दी रैन से पश्चिम स्थित तालाब के तरफ गए लोगों की नजर तालाब में उपलाते दोनों बच्चों के शव पर पड़ी. इसके बाद वहां कोहराम मच गया. अनुमान है कि शौच के बाद दोनों बच्चे पानी छूने के लिए तालाब गए होंगे. इसी दौरान पैर फिसल जाने के कारण दोनों तालाब में डूब गए होंगे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
