सीतामढ़ी: पेड़ से लटका मिला टीवी मैकेनिक का शव, मौत से पहले बहन को भेजा था मैसेज

सीतामढ़ी के पुनौरा थाना क्षेत्र में एक टीवी मैकेनिक का शव पेड़ से लटका मिला. मृतक ने मौत से पहले अपनी बहन को मैसेज भेजकर पत्नी को शव नहीं दिखाने की बात लिखी थी. पुलिस मोबाइल मैसेज और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है. पढ़ें पूरी खबर…

सीतामढ़ी से चंद्रमोहन झा की रिपोर्ट

Sitamarhi News: पुनौरा थाना क्षेत्र के खैरवा स्थित चूड़ा मिल के आगे ब्रह्मस्थान के पास बगीचे में गुरुवार देर शाम एक व्यक्ति का शव पेड़ से रस्सी के फंदे से लटका मिला. घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए.

सूचना मिलने पर पुनौरा थानाध्यक्ष रमन राज पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.

टीवी मैकेनिक के रूप में करता था काम

मृतक की पहचान सेरहा टोला निवासी रामबाबू प्रसाद के 37 वर्षीय पुत्र मनीष कुमार के रूप में हुई है. वह पेशे से टीवी मैकेनिक था. उसके परिवार में दो बच्चे हैं.

मौत से पहले बहन को भेजा था मैसेज

थानाध्यक्ष रमन राज ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मनीष कुमार अपने हाथ में रस्सी लेकर बगीचे की ओर गया था. बाद में उसी रस्सी के फंदे में लटका उसका शव बरामद किया गया. पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि मौत से पहले मनीष ने अपनी बहन को मोबाइल पर एक मैसेज भेजा था. मैसेज में लिखा था, “मेरी मौत के बाद शव को पत्नी को मत दिखाना.”

पुलिस मोबाइल और मैसेज की जांच कर रही है.

पत्नी से अलग रहता था

परिजनों ने पुलिस को बताया कि मनीष कुमार की पत्नी काफी समय से एक बच्चे के साथ अलग रह रही थी. परिवार में लंबे समय से विवाद और कलह की स्थिति बनी हुई थी. परिजनों के अनुसार मनीष कई-कई दिनों तक घर नहीं आता था और मानसिक तनाव से गुजर रहा था.

हर पहलू से जांच कर रही पुलिस

पुनौरा थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है. हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.

उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी. परिजनों की ओर से आवेदन मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >