नानपुर(सीतामढ़ी). थाना क्षेत्र के मोहनी महुआ गाछी चुरा मिल के समीप ओवरटेक करने में बालू लदा ट्रक ने चलती हाइवा में टक्कर मार दिया. जिसमें ट्रक के सामने का भाग पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया. वहीं, इस घटना में ट्रक के खलासी की मौत हो गयी. जबकि चालक बुरी तरह से जख्मी हो गया. घटना रविवार अहले सुबह लगभग 5.30 बजे की बतायी जा रही है. दुर्घटना के बाद ट्रक का बैट्री फटने से उसमें निकले तेजाब से झुलसकर खलासी की मौत हुई बतायी जा रही है. जानकारी के अनुसार, रून्नीसैदपुर की ओर से हाइवा आ रहा था, तभी पीछे से तेज गति से बालू लदा ट्रक आगे निकलने के चक्कर में ओवरटेक कर आगे निकलना चाहा. संतुलन बिगड़ने के कारण चालक ट्रक को हाइवा के पीछे ही मार बैठा. जिससे यह खतरनाक हादसा हो गया. हाइवा चालक भागने में सफल रहा. घटना की जानकारी लोगों ने स्थानीय पुलिस को दी. सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष अशोक कुमार, पुअनि सुबोध कुमार, पुअनि अनिल कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गंभीर रूप में जख्मी चालक व खलासी को इलाज के लिए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां चिकित्सक ने खलासी को मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान नंदन कुमार के रुप में की गयी है. वह पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र के श्रीनगर वार्ड नंबर एक का रहनेवाला था. वहीं, दुर्घटना में बुरी तरह जख्मी चालक संतोष कुमार का इलाज चल रहा है. पुलिस ने ट्रक(बीआर 01जीएन 9754) को जब्त कर लिया है. वहीं जख्मी चालक संतोष कुमार का इलाज चल रहा है. पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल, सीतामढ़ी भेज दिया. थानाध्यक्ष ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रक व हाइवा को जब्त कर लिया गया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
