रीगा. प्रखंड कार्यालय स्थित सभा भवन में गुरुवार को 20-सूत्री की कमेटी की बैठक अध्यक्ष अरुण कुमार की अध्यक्षता हुई, जिसमें विभिन्न विभागों में व्याप्त अनियमितता के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई. अध्यक्ष ने गत बैठक में पारित प्रस्तावों पर संतोषजनक व्यक्त करते हुए कार्रवाई नहीं किए जाने पर सवाल उठाया. कहा, मनरेगा विभाग में सीमान बांध के नाम पर करोड़ों की लूट मामले की जांच अब तक नहीं होना दुखद है. अधिकारी इस मामले पर चर्चा नहीं करना चाहते हैं. सांसद प्रतिनिधि मुकेश भूषण सिंह ने कहा कि इस मामले में अब तक की कार्रवाई की जानकारी उनलोगों को मिलनी चाहिए. सदस्य कैलाश बिहारी मिश्र ने कहा कि अफसर शाही के कारण 20-सूत्री कमेटी नकारा साबित हो रहा है. ऐसे में इसके सदस्यों को त्यागपत्र दे देना चाहिए. लोजपा प्रतिनिधि विजय पासवान ने कहा कि सिविल सर्जन की जांच के बाद भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी समेत अन्य कर्मी गायब रहते हैं. ऐसे स्वास्थ्य कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए. संजीव कुमार चौधरी ने कहा कि सभी अधिकारियों के सामने यूरिया खाद 500 तक बिक रही है, पर काई कार्रवाई नहीं हो रही है. कृषि विभाग में भारी लूट मची हुई है. विनोद राय पटेल व धीरेंद्र पटेल ने कहा कि कुछ भ्रष्ट अधिकारियों के कारण सरकार की छवि धूमिल हो रही है, पर ऐसे अधिकारी अपने हरकत से बाज नहीं आ रहे हैं. सदस्यों ने एक स्वर में बैठक से अनुपस्थित अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की. मौके पर बीएओ विवेकानंद झा, चित्रपाल पासवान, संतोष कुमार, संजीव कुमार चौधरी व पूनम देवी समेत अन्य सदस्य मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
