सुप्पी (सीतामढ़ी) से निशांत मिश्र की रिपोर्ट
Suppi News: सीतामढ़ी जिले के सुप्पी थाना क्षेत्र के परसा गांव में गुरुवार को हुए दर्दनाक बाइक हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. दोनों मृतकों ने पटना के पीएमसीएच में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा है.
सैनिक रोड पर दुर्घटनाग्रस्त हुई बाइक
जानकारी के अनुसार बड़हरवा पंचायत के वार्ड संख्या-1 निवासी नंदलाल राय के पुत्र विनय कुमार राय (25) और परसा गांव के वार्ड संख्या-3 निवासी जामुन राय के पुत्र अनीश कुमार (17) अपने साथी अवनीश कुमार के साथ बाइक से जमला गांव से सैनिक रोड होते हुए बसबिट्टा जा रहे थे. इसी दौरान उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई.
हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें पहले सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच, पटना रेफर कर दिया गया.
पीएमसीएच में दो युवकों ने तोड़ा दम
पटना में इलाज के दौरान विनय कुमार राय और अनीश कुमार की मौत हो गई. वहीं तीसरे घायल अवनीश कुमार का इलाज जारी है. चिकित्सकों की निगरानी में उसकी हालत पर नजर रखी जा रही है.
यह भी पढ़ें: सीतामढ़ी में रोको-टोको अभियान तेज, अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस अलर्ट
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद सुप्पी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है. दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया.
पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है.
